'मोदी के इशारे पर हो रही लोकतंत्र की हत्या', मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने पर खड़गे का बड़ा हमला
खड़गे ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन जी का राज्यसभा नामांकन रद्द होना गैरकानूनी और लोकतंत्र के खिलाफ है। ऐसा होना नरेंद्र मोदी के इशारे के बिना संभव नहीं है। नरेंद्र मोदी कांग्रेस और लोकतंत्र को खत्म करने के लिए ऐसी साजिशें करवा रहे हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन जी का राज्यसभा नामांकन रद्द होना गैरकानूनी और लोकतंत्र के खिलाफ है। ऐसा होना नरेंद्र मोदी के इशारे के बिना संभव नहीं है। नरेंद्र मोदी कांग्रेस और लोकतंत्र को खत्म करने के लिए ऐसी साजिशें करवा रहे हैं। हम चाहते हैं कि सरकार लोकतंत्र के खिलाफ काम न करे, लेकिन मोदी सरकार RSS के एजेंट्स को बड़े पदों पर बैठाकर मनमानी करवा रही है, नियमों की धज्जियां उड़ा रही है। ऐसा ही कुछ झारखंड में भी किया गया। BJP समर्थित कैंडिडेट परिमल नाथवानी को पूरा समय देकर फॉर्म की गलतियां सही करवाई गईं, लेकिन कांग्रेस के कैंडिडेट के नामांकन को तुरंत निरस्त कर दिया गया। साफ है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष काम नहीं कर रहा है।
कांग्रेस ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव में पार्टी की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र खारिज कर बीजेपी और निर्वाचन आयोग ने ‘सीट चोरी’ का नया उदाहरण पेश किया है और दोनों की इस मामले में ‘मिलीभगत’ है। पार्टी ने दावा किया कि नामांकन रद्द करने का फैसला ‘‘दोषपूर्ण और तर्कहीन’’ आधार पर लिया गया है।
दिल्ली में मध्य प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि उन्होंने फॉर्म-26 पूरी तरह भरा था और उसमें निजी शिकायतों का उल्लेख करने के लिए कोई ‘कॉलम’ ही नहीं था। उन्होंने कहा, ‘‘यदि ऐसा कोई कॉलम होता तो मैं उसकी जानकारी जरूर देती।’’
कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि भारतीय राजनीति में यह पहला अवसर है जब किसी राज्यसभा उम्मीदवार का नामांकन खारिज किया गया है और यह राष्ट्रीय चर्चा का विषय बन गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने जो उत्साह और एकजुटता दिखाई, उससे नरेन्द्र मोदी और मध्य प्रदेश का पूरा बीजेपी नेतृत्व घबरा गया।’’
पटवारी ने आरोप लगाया कि इसी कारण बीजेपी ने राज्यसभा चुनाव में वही हथकंडा अपनाया, जो आमतौर पर ‘सरपंच’ या ‘जनपद’ जैसे छोटे स्थानीय चुनावों में देखने को मिलता है।
