राजस्थान: पंचायत चुनाव की रंजिश में खूनी खेल! धौलपुर में फायरिंग से युवक की मौत, 10 गिरफ्तार
राजस्थान के धौलपुर के बारोली गांव में पंचायत चुनाव प्रचार के दौरान दो पक्षों में फायरिंग हुई, जिसमें 34 वर्षीय पीतम की मौत हो गई। पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

राजस्थान के धौलपुर जिले के बारोली गांव में पंचायत चुनाव प्रचार के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया।
दोनों पक्षों के बीच हुई फायरिंग में 34 वर्षीय पीतम की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस गश्त कर रही है।
राजस्थान के धौलपुर जिले में पंचायत चुनाव के प्रचार ने हिंसक रूप ले लिया। बारोली गांव में रविवार को दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। इस दौरान हुई फायरिंग में 34 वर्षीय पीतम की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया। हालात को देखते हुए पुलिस ने भारी बल तैनात किया है। वहीं, मामले में मुख्य आरोपी समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
चुनाव प्रचार के दौरान शुरू हुआ विवाद
धौलपुर के पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने आईएएनएस को बताया कि रविवार को बारोली गांव में दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। पंचायत चुनाव की रंजिश इस विवाद की मुख्य वजह बताई जा रही है। दोनों पक्षों के परिवारों के कुछ लोग चुनाव लड़ रहे हैं। इसी को लेकर प्रचार के दौरान दोनों पक्षों के बीच बहसबाजी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे बड़े विवाद में बदल गई।
देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और बात फायरिंग तक पहुंच गई। गोली लगने से 34 वर्षीय पीतम की मौत हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
मुख्य आरोपी समेत 10 लोग गिरफ्तार
एसपी के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि फायरिंग और पूरे विवाद से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके। एसपी ने बताया कि परिवादी पक्ष की ओर से मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही केस पंजीकृत कर लिया जाएगा।
गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात
घटना के बाद बारोली गांव में तनाव का माहौल है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
