‘विपक्ष पर ED-CBI, जनता पर थप्पड़, 'तानाशाह' BJP-RSS अब हिंसा पर उतारू हैं’, प्रवेश वर्मा के थप्पड़ कांड पर बोले खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा से जुड़ी थप्पड़ मारने की घटना को लेकर बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता और विपक्ष के सवालों का जवाब दबाव और बल प्रयोग से दे रही है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
  • मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रवेश वर्मा द्वारा युवक को थप्पड़ मारने की घटना पर भाजपा को घेरा।

  • कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार जनता के सवालों से घबरा रही है।

  • खड़गे ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया।

  • उन्होंने बीजेपी-आरएसएस पर हिंसा और लोकतंत्र को दबाने का आरोप लगाया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा पर एक युवक को थप्पड़ मारने के आरोपों को लेकर बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा है। खड़गे ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस अब विरोध की आवाजों का जवाब हिंसा के जरिए दे रहे हैं।

खड़गे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि बीजेपी सरकार जनता के सवालों से घबरा गई है और विरोध-प्रदर्शनों का सामना करने के लिए लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं के खिलाफ ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि प्रदर्शन कर रहे लोगों को कथित तौर पर थप्पड़, लाठी और गोली का सामना करना पड़ रहा है।

BJP-आरएसएस अब सीधे तौर पर हिंसा का सहारा ले रहे हैं- खड़गे

खड़गे ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के खिलाफ उठने वाली आवाजों को दबाने के लिए लगातार नए-नए शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी-आरएसएस अब सीधे तौर पर हिंसा का सहारा ले रहे हैं।

अपने पोस्ट में खड़गे ने दिल्ली में एक मंत्री द्वारा एक युवक को थप्पड़ मारे जाने की घटना का जिक्र किया। साथ ही उन्होंने जंतर-मंतर पर युवाओं के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज का भी उल्लेख किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल की खबरें सामने आई थीं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने आरोपों के समर्थन में किसान आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं, लखीमपुर खीरी कांड, गुजरात के ऊना में दलितों के साथ मारपीट और एक केंद्रीय मंत्री के विवादित ‘गोली मारो’ बयान का भी जिक्र किया। उन्होंने किसान आंदोलन के दौरान 750 किसानों की मौत का दावा भी दोहराया।

खड़गे ने कहा कि जब सत्ता का अहंकार चरम पर पहुंच जाता है, तब जनता के दमन और अपमान को सत्ता की आदत बना दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी-आरएसएस केवल नीतियों के स्तर पर ही लोकतंत्र को प्रभावित नहीं कर रहे, बल्कि अब विरोध करने वाली जनता के खिलाफ बल प्रयोग भी किया जा रहा है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए