राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करना लोकतंत्र का गला घोंटना, लगातार सच उठाने से बौखलाई सरकारः कांग्रेस

कांग्रेस नेता और वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि हमें विश्वास है कि दोषसिद्धि पर स्थगन ले लेंगे जो इस अयोग्यता के आधार को ही समाप्त कर देगा। हमें कानून पर पूरा भरोसा है। हमें विश्वास है कि हम निकट भविष्य में विजयी होंगे।

फोटोः @INC
फोटोः @INC
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस के वायनाड से सांसद राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द किए जाने के आदेश को कांग्रेस ने उन्हें चुप कराने की साजिश करार दिया है। राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने के आदेश पर कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी और जयराम रमेश ने प्रेस कांफ्रेस कर तीखी प्रतिक्रिया दी है। दोनों नेताओं ने कहा कि पूरा देश जानता है कि राहुल गांधी को सच बोलने और जनता के मुद्दे संसद के अंदर और बाहर जोरदार तरीके से उठाने की सजा मिली है।

कांग्रेस नेता और वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि कानून से पहले ये सियासी मुद्दा है। है। यह सभी राजनीतिक दलों के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक मुद्दा है। यह लोकतंत्र का गला घोंटने का ही प्रतीक है। देश में 2014 के बाद से अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला किया जा रहा है। सरकारी संस्थाओं का दमन किया जा रहा है। राहुल गांधी निडर होकर बयान देते हैं। राहुल को सच बोलने की सजा मिली है। सिंघवी ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी संस्थाओं का दमन किया जा रहा है। लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है।

अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि राहुल गांधी संसद के अंदर और बाहर दोनों जगह निडर होकर बोलते रहे हैं। उन्होंने देश और जनता से जुड़े हर मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी है। उन्होंने समाजिक, आर्थिक, राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर बोला है। वो इसी का परिणाम भुगत रहे हैं। वो तो तथ्य पर बात करते हैं, फिर चाहे नोटबंदी हो, जीएसटी हो या चीन के आक्रमण का मुद्दा हो, उन्होंने लगातार सवाल उठाए हैं। और जाहिर है, वह इसकी कीमत चुका रहे हैं। सरकार बौखला गई है। यह सरकार उनकी आवाज दबाने के लिए नई तकनीक खोज रही है।


कांग्रेस नेता ने कहा कि इसी वजह से सरकार उनकी आवाज दबाने के लिए ये सब कर रही है। राहुल गांधी विदेश जाते हैं, तो फर्जी राष्ट्रवाद के नाम पर उन्हें बोलने नहीं दिया जाता। सिंघवी ने कहा, "हमें विश्वास है कि दोषसिद्धि पर स्थगन ले लेंगे जो इस अयोग्यता के आधार को ही समाप्त कर देगा। हमें कानून पर पूरा भरोसा है। हमें विश्वास है कि हम निकट भविष्य में विजयी होंगे।'

सिंघवी ने आगे कहा कि मैं सिर्फ राहुल गांधी के केस की बात नहीं कर रहा हूं। 2014 के बाद सरकार ने कई कदम उठाए हैं। जिन्होंने इनके खिलाफ बोला है, उनके खिलाफ कार्रवाई हुई है। इस सरकार ने बार-बार निडर होकर बोलने वालों को निचोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को सजा फिर उनकी सदस्यता रद्द करना एक षडयंत्र है। कैसे याचिकाकर्ता ने केस को पहले डिले किया और फिर अपने हिसाब से उसे आगे बढ़ाते हुए सजा का फैसला करवा लिया।

इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कि बीजेपी भारत जोड़ो यात्रा से डरी हुई है, घबराई हुई है। क्योंकि वो जानती है, उसे फीड बैक मिला होगा। भारत जोड़ो यात्रा ने केवल संगठन में नहीं, बल्कि सारे देश को एक नई उर्जा दी है और एक रास्ता दिखाया है। कई महीनों से भारत जोड़ो यात्रा को बदनाम करने की कोशिश की गई। आज भारत जोड़ो यात्रा की सफलता की कीमत राहुल गांधी को चुकानी पड़ी है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि ये राजनीतिक लड़ाई बरकरार रहेगी। हम पीछे नहीं हटेंगे। राहुल गांधी कोई धमकी से डरने वाले नहीं हैं...प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डरे हुए हैं इसलिए वो बार-बार राहुल गांधी और अन्य विपक्ष के नेताओं को डराते रहते हैं और धमकियां देते रहते हैं। ये सरकार इस तरह के फैसले से आवाज उठाने वालों को डराना और दबाना चाहती है, लेकिन ऐसा नहीं होगा। राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई जारी रखेगी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia