डॉ कफील के भाई पर गोरखनाथ मंदिर के पास जानलेवा हमला, तीन गोलियां लगीं, हालत गंभीर
बीआरडी मेडिकल कॉलेज ऑक्सीजन कांड से खबरों में आए डॉ कफील के भाई पर गोरखपुर में जानलेवा हमला हुआ है। बदमाशों ने उनपर फायरिंग की। उन्हें तीन गोलियां लगी हैं। उन्हें गंभीर हालत में शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गोरखपुर के बीआरडी ऑक्सीजन केस से चर्चा में आए डॉ कफील खान के छोटे भाई काशिफ जमील पर रविवार देर रात गोरखपुर में जानलेवा हमला हुआ है। उन पर गोरखनाथ मंदिर से कुछ दूरी पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। खबरों के मुताबिक काशिफ जमील को तीन गोलियां लगी हैं और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब साढ़े दस बजे डॉक्टर कफील के भाई काशिफ जमील किसी काम को निपटा कर घर वापस जा रहे थे। वे जैसे ही गोरखनाथ मिंदर के नजदीक पुल क्रॉस करने के बाद कोतवाली थाना क्षेत्र में पहुंचे, बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। कई राउंड की फायरिंग में काशिफ जमील को तीन गोलियां लगीं। जिस समय फायरिंग हुई, उस समय काशिफ जमील भी बाइक पर ही थे।
काशिफ जमील के परिवार ने उन्हें गोरखपुर के स्टार हॉस्पिटल में भर्ती कराया है, जहां खबर लिखे जाने तक उनका ऑपरेशन चल रहा था। गोरखपुर के एसएसपी शलभ माथूर ने बताया कि पुलिस टीम घटना स्थल और हॉस्पिटल पहुंच चुकी है। दोनों जगह से अपराधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अभी काशिफ जमील ने कोई बयान नहीं दिया है।

गौरतलब है कि डॉ. कफील खान और उनका परिवार लगातार प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाता रहा है। बीआरडी केस में जेल गए कफील ने जमानत पर बाहर आने के बाद भी अपने व परिवार पर खतरे की बात कही थी।
गोराखपुर के बीआरडी अस्पताल में ऑक्सिजन की कमी से कई बच्चों के मरने के मामले में डॉ. कफील को जिम्मेदार मानते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया था। बाद में उनको हाई कोर्ट से जमानत मिली थी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 11 Jun 2018, 1:28 AM
