ड्रोन गिरने के बाद आग लगने से दुबई एयरपोर्ट बंद, तिरुवनंतपुरम से जा रही फ्लाइट बीच रास्ते से वापस लौटी

दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बंद होने के कारण एमिरेट्स की तिरुवनंतपुरम-दुबई उड़ान बीच रास्ते से ही लौट आयी और तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

तिरुवनंतपुरम से दुबई जाने वाली एमिरेट्स की एक उड़ान सोमवार को हवाई अड्डे पर सुरक्षा संबंधी सूचना मिलने के बाद लौट आयी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

यहां हवाई अड्डे के एक प्रवक्ता ने बताया कि दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बंद होने के कारण एमिरेट्स की तिरुवनंतपुरम-दुबई उड़ान बीच रास्ते से ही लौट आयी और तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी।

यह उड़ान 353 यात्रियों और चालक दल के 19 सदस्यों के साथ सुबह चार बजकर 40 मिनट पर रवाना हुई और आठ बजकर 40 मिनट पर लौट आयी। प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों को टर्मिनल पर ले जाया गया है।

इससे पहले, एमिरेट्स की एक अन्य उड़ान ईके533 सुबह साढ़े चार बजे कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 352 यात्रियों को लेकर रवाना हुई थी लेकिन दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अचानक बंद किए जाने के कारण कोच्चि लौट आयी।

आपको बता दें, दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (DXB) के पास सोमवार को एक ईरानी ड्रोन द्वारा ईंधन टैंक को निशाना बनाए जाने के बाद भीषण आग भड़क उठी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसमान में धुएं के घने गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और आपातकालीन टीमों ने जल्द ही हालात पर काबू पा लिया।

दुबई मीडिया ऑफिस के अनुसार, ड्रोन हमले में एयरपोर्ट के आसपास मौजूद एक फ्यूल टैंक प्रभावित हुआ, जिसके बाद आग भड़क गई। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल डिफेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर जल्द काबू पा लिया गया और स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia