DUSU चुनाव से पहले नॉर्थ कैंपस में हिंसक झड़प, कई छात्र घायल, गाड़ी में तोड़फोड़, ABVP-NSUI आमने-सामने

DUSU चुनाव से पहले नॉर्थ कैंपस में ABVP और NSUI कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई है, दोनों संगठनों ने एक-दूसरे पर हमला करने का आरोप लगाया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव का प्रचार अभियान आखिरी दौर में पहुंचने के बीच नॉर्थ कैंपस में हिंसा और टकराव का मामला सामने आया है। 16 सितंबर की शाम करीब 5 बजे लॉ सेंटर और कैंपस लॉ सेंटर के बाहर एबीवीपी और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद और झड़प की खबर सामने आई। घटना में कई छात्रों और कार्यकर्ताओं के घायल होने की बात कही जा रही है। दोनों संगठनों ने एक-दूसरे पर हमला करने और चुनावी माहौल बिगाड़ने के आरोप लगाए हैं। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई और इलाके में फ्लैग मार्च किया।

लॉ सेंटर के बाहर हुआ विवाद

16 सितंबर को DUSU चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में नॉर्थ कैंपस में तनाव बढ़ गया। जानकारी के अनुसार, लॉ सेंटर और कैंपस लॉ सेंटर के बाहर एबीवीपी और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हुआ। इसके बाद वहां झड़प की स्थिति बन गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। कई छात्रों के घायल होने की बात सामने आई है। स्थिति को नियंत्रित करने और किसी भी संभावित तनाव को रोकने के लिए पुलिस ने इलाके में फ्लैग मार्च भी किया।

एबीवीपी ने आरोप लगाया कि एनएसयूआई से जुड़े कार्यकर्ता दिल्ली के हरि मंदिर क्षेत्र स्थित उसके सदस्यों के आवास पर पहुंचे और वहां हमला किया। एबीवीपी के मुताबिक, उस समय संगठन के सदस्य एक बैठक कर रहे थे और वहां महिला छात्र कार्यकर्ता भी मौजूद थीं। संगठन का दावा है कि घटना के बाद कुछ लोग मौके से भाग गए, जबकि एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। एबीवीपी का यह भी दावा है कि पकड़े गए व्यक्ति ने खुद को एनएसयूआई के सोशल मीडिया समूह से जुड़ा बताया।


एबीवीपी ने क्या कहा?

न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, एबीवीपी के दिल्ली प्रदेश सचिव सार्थक शर्मा ने कहा कि संगठन के सदस्य शांतिपूर्ण बैठक कर रहे थे और उन्होंने किसी को उकसाया नहीं था। उन्होंने घटना में शामिल लोगों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। एबीवीपी का आरोप है कि चुनावी माहौल में हिंसा के जरिए दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।

एनएसयूआई ने एबीवीपी पर पलटवार किया

दूसरी ओर, एनएसयूआई ने एबीवीपी के आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया। एनएसयूआई के अनुसार, उसके DUSU उम्मीदवारों विजय शंकर मीणा और गोपाल चौधरी के आवासों को निशाना बनाया गया। संगठन का आरोप है कि बड़ी संख्या में एबीवीपी कार्यकर्ता वहां पहुंचे और उम्मीदवारों को डराने और दबाव बनाने का प्रयास किया।

एनएसयूआई के मीडिया प्रभारी रवि पांडेय ने कहा कि चुनाव से ठीक पहले भय और हिंसा का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दिल्ली पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप कर उम्मीदवारों और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।


आरोप-प्रत्यारोप से गरमाया चुनावी माहौल

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव छात्र राजनीति का महत्वपूर्ण केंद्र रहे हैं। चुनाव नजदीक आने के साथ विभिन्न छात्र संगठनों के बीच प्रचार अभियान तेज हो गया है। ऐसे समय में दोनों प्रमुख संगठनों की ओर से एक-दूसरे पर हिंसा और धमकी के आरोप लगाए जाने से चुनावी माहौल और गरमा गया है।

एनएसयूआई ने कहा कि छात्र लोकतांत्रिक तरीके से मतदान के जरिए जवाब देंगे, जबकि एबीवीपी ने कहा कि वह किसी भी प्रकार के दबाव से पीछे हटने वाली नहीं है। दोनों संगठनों के आरोपों के बीच नॉर्थ कैंपस में हुई झड़प ने DUSU चुनाव से पहले माहौल को तनावपूर्ण कर दिया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए