DUSU Election 2026: विजय शंकर या यश डबास, कौन होगा नया प्रेसिडेंट? कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग जारी, कल आएंगे नतीजे
डूसू के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव इन चार केंद्रीय पदों के लिए कुल 20 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। अध्यक्ष पद पर सात, उपाध्यक्ष पद पर पांच, जबकि सचिव और संयुक्त सचिव पद पर चार-चार उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

डूसू चुनाव में कुल 1,51,842 मतदाता चार केंद्रीय पदों के लिए अपने प्रतिनिधि चुन रहे हैं।
अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पदों के लिए विभिन्न छात्र संगठनों के उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
सुबह की शिफ्ट के लिए 8:30 बजे से 1 बजे और शाम की शिफ्ट के लिए 3 बजे से 7:30 बजे तक वोटिंग होगी।
मतदान के बाद 19 सितंबर शनिवार को मतगणना होगी।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह से मतदान शुरू हो गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। DUSU चुनाव में कुल 1,51,842 छात्र मतदाता चार केंद्रीय पदों के लिए मैदान में उतरे प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर रहे हैं। मतदान के लिए विश्वविद्यालय के 52 कॉलेजों और केंद्रों पर व्यवस्था की गई है। चुनाव में 830 बैलेट यूनिट और 281 कंट्रोल यूनिट का इस्तेमाल किया जा रहा है। शनिवार को मतगणना की जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
दो शिफ्ट में हो रहा मतदान
डीयू के कॉलेजों में सुबह और शाम की कक्षाओं को ध्यान में रखते हुए मतदान के लिए दो अलग-अलग समय निर्धारित किए गए हैं। सुबह की शिफ्ट के छात्र सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक मतदान कर सकेंगे। वहीं शाम की शिफ्ट के छात्रों के लिए मतदान दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक जारी रहेगा।
मतदान केंद्रों पर छात्रों की पहचान की जांच के साथ अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी की गई हैं। छात्रों को मतदान के लिए अपना कॉलेज पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है। प्रशासन ने विद्यार्थियों से तय समय के भीतर मतदान केंद्र पहुंचने और चुनावी आचार संहिता का पालन करने की अपील की है।
12 कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
मतदान के दौरान किसी भी तकनीकी समस्या या अन्य तरह की गड़बड़ी से निपटने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने 12 कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। इन कंट्रोल रूम के जरिए अलग-अलग मतदान केंद्रों की निगरानी की जाएगी। किसी केंद्र से शिकायत मिलने या तकनीकी दिक्कत सामने आने पर संबंधित टीम को मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के मुताबिक, मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने और किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
चार केंद्रीय पदों के लिए 20 प्रत्याशी
डूसू के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव इन चार केंद्रीय पदों के लिए कुल 20 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। अध्यक्ष पद पर सात, उपाध्यक्ष पद पर पांच, जबकि सचिव और संयुक्त सचिव पद पर चार-चार उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
विभिन्न छात्र संगठनों ने अपने-अपने पैनल मैदान में उतारे हैं। एनएसयूआई की ओर से अध्यक्ष पद पर विजय शंकर मीणा, उपाध्यक्ष पद पर वीर चतरथ, सचिव पद पर नम्रता चौधरी और संयुक्त सचिव पद पर गोपाल चौधरी उम्मीदवार हैं।
एबीवीपी ने अध्यक्ष पद के लिए यश डबास, उपाध्यक्ष के लिए इशू मौर्य, सचिव पद के लिए रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद के लिए लक्ष्यराज सिंह को प्रत्याशी बनाया है।
वहीं आइसा-एसएफआई गठबंधन की ओर से अध्यक्ष पद पर अनन्या रतूड़ी, उपाध्यक्ष पद पर अक्षत शिखर, सचिव पद पर स्टैनजिन डेसक्यॉन्ग और संयुक्त सचिव पद पर बी. पारीजात चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा अन्य छात्र संगठनों ने भी विभिन्न पदों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
19 सितंबर को होगी मतगणना
मतदान समाप्त होने के बाद चुनावी यूनिट और संबंधित रिकॉर्ड को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखा जाएगा। शनिवार, 19 सितंबर को मतगणना होगी और इसी दिन अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव तथा संयुक्त सचिव पद के नतीजे सामने आएंगे।
दिल्ली पुलिस ने कड़ी की सुरक्षा
दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) चुनाव से पहले दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। एडिशनल DCP पुखराज के. गुप्ता ने कहा कि हमने पूरे नॉर्थ कैंपस को पांच जोन और 23 सेक्टर में बांटा है। जोन की जिम्मेदारी ACP लेवल के अधिकारी को दी गई है और हर सेक्टर की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर लेवल के अधिकारी को सौंपी गई है। हमने हर कॉलेज के गेट और जरूरी चेकपॉइंट पर पिकेट और बैरिकेड लगाए हैं ताकि कोई भी बिना इजाजत वाला व्यक्ति अंदर न आ सके। हमने पूरा कैंपस खुला रखा है। गाड़ियां और लोग अंदर आ सकते हैं, वोट डाल सकते हैं और बिना किसी परेशानी के जा सकते हैं।
दिल्ली यूनिवर्सिटी में कौन कौन हैं कैंडिडेट?
मुख्य प्रतियोगिता किनके बीच है?
प्रेसिडेंट पद:
एबीवीपी: यश डबास
एनएसयूआई: विजय शंकर मीना
आइसा-एसएफआई: अनन्या रतूड़ी
उपाध्यक्ष:
एबीवीपी - ईशू मौर्य
एनएसयूआई - वीर चतरथ
आइसा-एसएफआई - अक्षत शिखर
सचिव:
एबीवीपी - रिया छावड़ी
एनएसयूआई - नम्रता चौधरी
आइसा-एसएफआई - स्टैनज़िन डेस्कयोंग
संयुक्त सचिव:
एबीवीपी - लक्ष्यराज सिंह
एनएसयूआई - गोपाल चौधरी
आइसा-एसएफआई - बी पारिजात
