5 राज्यों के चुनाव की तारीखों का आज ऐलान, जयराम रमेश बोले- आचार संहिता बन गई 'मोदी की कोड ऑफ कैंपेनिंग'

पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी चुनाव की तारीखों का आज चुनाव आयोग करेगा ऐलान। वहीं, जयराम रमेश ने MCC को ‘मोदी की कोड ऑफ कैंपेनिंग’ बताया।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश
i
user

नवजीवन डेस्क

पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों का कार्यक्रम आज घोषित किया जाएगा। भारतीय चुनाव आयोग नई दिल्ली के विज्ञान भवन में शाम 4 से 5 बजे के बीच प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनावी शेड्यूल की औपचारिक घोषणा करेगा। तारीखों के ऐलान के साथ ही इन सभी राज्यों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएगी।

इन पांचों राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून 2026 के बीच समाप्त हो रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि चुनाव आयोग मतदान की पूरी प्रक्रिया अप्रैल और मई के दौरान संपन्न कराना चाहता है।

चुनाव की घोषणा पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा से पहले ही राजनीतिक राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आई हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि चुनाव आयोग की आचार संहिता जल्द लागू होगी, लेकिन 2014 के बाद यह “मोदी की चुनाव प्रचार संहिता” बन गई है, जिसमें उनके मुताबिक, आरोप-प्रत्यारोप, डर का माहौल और गलत सूचनाओं का प्रसार देखने को मिलता है।


कांग्रेस सांसद और बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि अगर चुनाव आयोग आज कार्यक्रम की घोषणा करता है तो खेल जगत के लिहाज से भी इसका फायदा होगा, क्योंकि इसके बाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का पूरा शेड्यूल जारी किया जा सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पांच राज्यों में कड़ी चुनावी प्रतिस्पर्धा होगी और उन्हें उम्मीद है कि उनकी पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी।

इसी मुद्दे पर आरजेडी नेता मनोज झा ने भी चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए। उनका कहना था कि चुनाव की तारीखों की घोषणा एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन आयोग को अपनी निष्पक्षता बनाए रखनी चाहिए।

वहीं डीएमके सांसद दयानिधि मारन ने टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आखिरकार चुनाव आयोग को चुनाव की तारीखों की घोषणा की अनुमति दे दी है।


चुनावी तैयारियों पर नजर

चुनाव आयोग की ओर से होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर राजनीतिक दलों और चुनावी राज्यों में खासा उत्साह और हलचल देखी जा रही है। तारीखों के ऐलान के साथ ही चुनावी प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी और सभी दल अपनी रणनीति के साथ मैदान में उतर जाएंगे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia