ईडी ने बीजेपी सांसद को भेजा समन, निवेशकों से करोड़ों की धोखाधड़ी के मामले में एक्शन, क्या हो पाएगी कार्रवाई?
मामला 'व्यूनाउ' नामक कंपनी से जुड़ा है। ईडी का आरोप है कि सांसद संधू से जुड़ी कुछ इकाइयों को व्यूनाउ समूह की कंपनियों से कुछ धनराशि प्राप्त हुई थी। संधू को इन लेनदेन की प्रकृति और उद्देश्य का पता लगाने के लिए तलब किया गया है।

बीजेपी सांसद सतनाम सिंह संधू को करोड़ों की धोखाधड़ी मामले में ईडी का समन
कंपनी पर निवेशकों के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप
ईडी ने 12 नवंबर को पेशी के लिए समन भेजा था, लेकिन वह पेश नहीं हुए
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बीजेपी के राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू को करोड़ों की धोखाधड़ी के एक मामले में पूछताछ के लिए समन भेजा है। यह मामला पंजाब की एक कंपनी से जुड़ा है, जिस पर निवेशकों के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। फिलहाल इस समन पर बीजेपी सांसद की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
पहले नोटिस पर नहीं पहुंचे बीजेपी सांसद
ईडी अधिकारियों ने बताया कि सांसद सतनाम सिंह संधू को पहले 12 नवंबर को इस मामले में पेश होने के लिए समन भेजा गया था, लेकिन वह पेश नहीं हुए। पहले समन पर उनके पेश नहीं होने पर अब उन्हें 25 नवंबर को फिर से उपस्थित होने के लिए कहा गया है। बीजेपी के राज्यसभा सदस्य सतनाम सिंह संधू चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति भी हैं, जो मोहाली में एक निजी विश्वविद्यालय है।
मामला 'व्यूनाउ' नामक कंपनी से जुड़ा
अधिकारियों के अनुसार, यह मामला 'व्यूनाउ' नामक कंपनी से जुड़ा है। आरोप है कि कंपनी ने करोड़ों रुपये के ‘क्लाउड पार्टिकल घोटाले’ को अंजाम दिया और आरोपियों ने आम लोगों की मेहनत की कमाई हड़प ली। ईडी का आरोप है कि संधू से जुड़ी कुछ इकाइयों को व्यूनाउ समूह की कंपनियों से कुछ धनराशि प्राप्त हुई थी। संधू को इन लेनदेन की प्रकृति और उद्देश्य का पता लगाने के लिए तलब किया गया है।
मामले में अब तक तीन लोग गिरफ्तार
ईडी ने इस मामले में व्यूनाउ समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और संस्थापक सुखविंदर सिंह खारौर और उनकी पत्नी डिंपल खारौर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी 2024 से धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) और विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत इस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल इस समन पर बीजेपी सांसद की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
