दो राज्यों की 11 राज्यसभा सीटों के लिए 9 नवंबर को चुनाव, उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक सीट शामिल

रिटायर होने वाले सदस्यों में चंद्रपाल सिंह यादव, जावेद अली खान, अरुण सिंह, नीरज शेखर, पी एल पुनिया, हरदीप सिंह पुरी, रवि प्रकाश वर्मा, राजाराम, रामगोपाल यादव, वीर सिंह और राज बब्बर हैं। इनमें से राज बब्बर उत्तराखंड से और बाकी सभी उत्तर प्रदेश से चुने गए थे।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

आसिफ एस खान

राज्यसभा की 11 सीटों के लिए चुनाव आयोग ने चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है। दो राज्यों की इन 11 सीटों पर 9 नवंबर को चुनाव होंगे। इनमें से 10 राज्यसभा सीट उत्तरप्रदेश और एक सीट उत्तराखंड से खाली होने वाली है। ये सभी सीटें वर्तमान सांसदों के नवंबर में रिटायर होने के बाद खाली होने वाली हैं।

चुनाव आयोग ने राज्यसभा सीटों के चुनाव का कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि इन सीटों पर चुनाव की अधिसूचना 20 अक्टूबर को जारी होगी और नामांकन भरने की आखिरी तारीख 27 अक्टूबर होगी। मतदान 9 नवंबर को सुबह नौ बजे से शांम चार बजे तक होगा और मतों की गिनती शाम पांच बजे होगी। चुनाव आयोग 11 नवंबर से पहले चुनावी प्रक्रिया को पूरी कर लेगा।

अगले महीने 25 नवंबर को इन सीटों से रिटायर होने वाले सदस्यों में चंद्रपाल सिंह यादव, जावेद अली खान, अरुण सिंह, नीरज शेखर, पी एल पुनिया, हरदीप सिंह पुरी, रवि प्रकाश वर्मा, राजाराम, रामगोपाल यादव, वीर सिंह और राज बब्बर हैं। इनमें से राज बब्बर उत्तराखंड से और बाकी सभी उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य चुने गए थे।

चुनाव आयोग ने कहा है कि चुनाव प्रक्रिया में शामिल सभी लोगों को फेस मास्क पहनना अनिवार्य होगा। चुनाव प्रकिया में उपयोग में लाए जाने वाले सभी हॉल के एंट्री गेट के पास थर्मल चेकिंग होगी और सभी स्थानों पर सैनिटाइजर उपलब्ध होंगे। आयोग ने गृह मंत्रालय के दिशानिर्देश के अनुरूप सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करने के लिए भी कहा है।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia