झारखंड के चाईबासा में सुरक्षा बलों और नक्सलियों में मुठभेड़, 5 जवान घायल, एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया

प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) ने 2 से 8 दिसंबर तक पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) सप्ताह मनाने का ऐलान किया है। संगठन ने बुकलेट जारी कर कहा है कि पुलिस के खिलाफ गुरिल्ला युद्ध तेज किया जाएगा।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

नवजीवन डेस्क

झारखंड के चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम) जिला अंतर्गत सरजोमबुरू जंगल में गुरुवार को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें पांच जवानों को गोली लगी है। घायलों में सभी जवान सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के हैं। इनके नाम सूरज कुमार, सुशील लकड़ा, बुधदेव किशन, कृष्णनाथ बोकरा और संदीप हैं। घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर रांची स्थित मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि सुरक्षा बलों की ओर से चाईबासा जिले के नक्सल प्रभावित टोंटो और गोइलकेरा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इसी दौरान नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि सुरक्षा बलों ने भी नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। इस मुठभेड़ में कई नक्सलियों को भी गोली लगने की सूचना है।


जिस जगह पर मुठभेड़ हुई है, वहां माओवादी लीडर अनमोल जी और मोचू का दस्ता सक्रिय है। सर्च अभियान के दौरान अचानक पहली बार मुठभेड़ सुबह के 8 बजे के आसपास हुई, जिसका सुरक्षाबलों ने मजबूती से जवाब दिया। इसके बाद एक बार फिर लगभग 11 बजे नक्सलियों ने दोबारा सुरक्षा बलों पर हमला बोल दिया।

प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) ने 2 से 8 दिसंबर तक पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) सप्ताह मनाने का ऐलान किया है। संगठन ने बुकलेट जारी कर कहा है कि पुलिस के खिलाफ गुरिल्ला युद्ध तेज किया जाएगा। नक्सलियों के इसी ऐलान के मद्देनजर राज्य के विभिन्न इलाकों में सुरक्षा बल तलाशी अभियान चला रहे हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia