जम्मू-कश्मीर: उधमपुर में सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन, मुठभेड़ में दो आतंकी ढेर
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर के ब्रटेल इलाके में सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने खुफिया इनपुट के आधार पर संयुक्त अभियान चलाया। मुठभेड़ में दो आतंकवादियों को मार गिराया है।

उधमपुर के ब्रटेल इलाके में सेना, पुलिस और CRPF का संयुक्त ऑपरेशन
-
खराब मौसम और मुश्किल इलाके के बावजूद सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया
खुफिया इनपुट के आधार पर बुधवार रात शुरू की गई थी तलाशी अभियान
-
इलाके में सर्च और सर्विलांस ऑपरेशन अब भी जारी
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। मजालता के ब्रटेल इलाके में चलाए गए संयुक्त आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया। सेना ने गुरुवार सुबह ऑपरेशन की जानकारी साझा की।
अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधियों के संबंध में खुफिया जानकारी मिलने के बाद बुधवार रात करीब 9 बजे सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने मजालता के दूरदराज के ब्रटेल सोन और खुब्बन इलाकों में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था।
16 और 17 सितंबर की रात आतंकवादियों की मौजूदगी की पुष्टि हुई
भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि 16 और 17 सितंबर की दरमियानी रात एक इंटेलिजेंस-बेस्ड ऑपरेशन के दौरान उधमपुर के ब्रटेल इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की पुष्टि हुई। इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेरकर कार्रवाई शुरू की।
सेना के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान मौसम खराब था और इलाके में विजिबिलिटी भी कम थी। इसके अलावा जंगली और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण सुरक्षाबलों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। इन परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने लक्षित तरीके से आतंकवादियों के खिलाफ अभियान चलाया और मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराया।
ऑपरेशन अभी नहीं हुआ खत्म- सेना
इससे पहले बुधवार देर रात ऑपरेशन शुरू होने के कुछ समय बाद जंगल के भीतर सुरक्षाबलों ने एक संदिग्ध ठिकाने को निशाना बनाकर फायरिंग की थी। अधिकारियों ने इलाके में कुछ धमाकों की आवाज सुनाई देने की भी जानकारी दी थी।
सेना ने बताया कि ऑपरेशन अभी समाप्त नहीं हुआ है। इलाके में लगातार सर्च और सर्विलांस अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षाबल किसी भी संभावित खतरे का पता लगाने और उसे निष्क्रिय करने के लिए पूरे क्षेत्र में तैनात हैं।
