दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री गुरुदास कामत का निधन, 63 साल की उम्र में ली अंतिम सांस 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुरुदास कामत का बुधवार सुबह निधन हो गया। कामत 63 साल के थे। कामत ने दिल्‍ली के चाणक्‍यपुरी स्थित एक अस्‍पताल में अंतिम सांस ली। कामत के निधन पर कई बड़े कांग्रेस नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री गुरुदास कामत का निधन हो गया है। गुरुदास कामत काफी समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें बीमारी के चलते दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां आज उनका निधन हो गया है।

यूपीए की चेरपर्सन सोनिया गांधी भी चाणक्‍यपुरी के उस अस्‍पताल में पहुंचीं, जहां कामत ने अंतिम सांस ली।

कामत को कांग्रेस ने गुजरात, राजस्थान, दादर एवं नगर हवेली, दमन और दीव का प्रभार भी सौंपा था। लेकिन 2017 में कामत ने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। वह नॉर्थ वेस्ट मुंबई से 2014 तक सांसद भी रहे। उन्हें भारत सरकार की 15वीं लोकसभा के मंत्रीमंडल में संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री बनाया गया था।

वे यूपीए सरकार में साल 2009 से लेकर 2011 तक केंद्रीय राज्य मंत्री रह चुके हैं। वह साल 2014 तक सांसद भी थे। कांग्रेस नेता कांग्रेस पार्टी की वर्किंग कमेटी के मेंबर भी रहे हैं।

कामत ने मुंबई के आरए पोद्दार कॉलेज से स्नातक किया था। वह पेशे से वकील थे। उन्होंने 1972 में छात्र नेता के रूप में अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था। 1976 में उन्हें राष्ट्रीय छात्र संघ के मुंबई यूनिट का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

कामत के निधन पर कांग्रेस महासचिव और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शोक प्रकट किया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुरुदास कामत के अचानक निधन की जानकारी मिलने से गहरा दुख हुआ। उनके परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी दिल से संवेदना। भगवान इस नुकसान को सहन करने के लिए उन्हें शक्ति दे। उनकी आत्मा को शांति मिले।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia