ठंड और शीतलहर की चपेट में पूरा उत्तर भारत, दिल्ली-बिहार-यूपी समेत इन राज्यों में हाड़ कंपाने वाली ठंड
दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में सिरहन वाली सर्दी पड़ रही है। दिल्ली, यूपी, राजस्थान, हरियाणा,पंजाब, बिहार, झारखंड समेत कई और राज्य भीषण सर्दी की चपेट में हैं। कई राज्यों में कोहरे का कहर देखने को मिल रहा है।

उत्तर भारत में ठंड और प्रचंड शीतलहर का कहर जारी है। पहाड़ी राज्यों मे बर्फबारी तो मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं और गिरते तापमान ने गलन बढ़ा दी है। दिल्ली, बिहार और उत्तर प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट देखी गई। लोग घरों में रहने को मजबूर है।
दिल्ली-एनसीआर में और गिरेगा पारा
दिल्ली में ठंड ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। कई इलाकों में हाड़ कंपाने वाली सर्दी पड़ी। इसके अलावा सुबह हल्का कोहरा भी छाया रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को भी सुबह दिल्ली-एनसीआर में कोहरा छाया रहेगा। तापमान गिरने के कारण पूरे दिल्ली-एनसीआर इलाके में जोरदार ठंड पड़ सकती है।
बिहार और उत्तर प्रदेश का हाल
उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से जारी गलन और सर्द हवाओं के बीच बुधवार दोपहर बाद कई जिलों में सूर्यदेव के दर्शन हुए। हालांकि, ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी और बरेली सहित कई जिलों में तीन जनवरी सुबह साढ़े आठ बजे तक शीतल दिवस का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं बिहार में पटना समेत अधिकतर जिलों में मध्यम दर्जे का कोहरा छाए रहने की संभावना है। सर्द पछुआ हवा के कारण कनकनी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड
राजस्थान के कुछ हिस्सों के साथ पड़ोसी राज्यों हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मध्य प्रदेश में अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में सामान्य से तीन-चार डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, यह प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग ने 14 जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में घने से मध्यम दर्जे के कोहरे की चेतावनी है। राजस्थान में श्रीगांगनर, हनुमानगढ़ और सीकर ठंड की चपेट में हैं।
कश्मीर में आज हिमपात के आसार
जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड के बीच पश्चिमी विक्षोभ ने सक्रिय होते प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आसार हैं कि गुरुवार से पहाड़ों पर हल्का हिमपात और निचले क्षेत्रों में वर्षा शुरू हो जाएगी। कश्मीर में सभी स्थानों पर तापमान लगातार जमाव बिंदू शून्य से नीचे बना हुआ है। जम्मू में भी ठंड और कोहरा बेहाल कर रही है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia