PF खाताधारकों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब एकमुश्त नहीं, किस्तों में निकाल सकेंगे रिटायरमेंट की पूरी बचत

EPFO ने रिटायर होने वाले कर्मचारियों के लिए PF की रकम किस्तों में निकालने की SWP योजना को मंजूरी दी है। पहले चरण में 6.3 लाख सदस्यों को फायदा मिल सकता है।

EPFO ने रिटायरमेंट के बाद PF की रकम किस्तों में निकालने की SWP योजना को मंजूरी दी।
i
  • EPFO ने रिटायरमेंट के बाद PF की रकम किस्तों में निकालने की SWP योजना को मंजूरी दी।

  • नई सुविधा से कर्मचारी अपनी जमा पूंजी को एकमुश्त निकालने के बजाय नियमित किस्तों में पा सकेंगे।

  • पहले चरण में 55 साल से अधिक उम्र के करीब 6.3 लाख PF सदस्यों को फायदा मिलने का अनुमान है।

  • सदस्य की मृत्यु होने पर नॉमिनी बची रकम निकाल सकेंगे या किस्तों में भुगतान जारी रख सकेंगे।

प्राइवेट सेक्टर में नौकरी करने वाले करोड़ों कर्मचारियों के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने एक बड़ा फैसला लिया है। अब रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को अपनी पूरी PF जमा राशि एक साथ निकालने की मजबूरी नहीं होगी। वे अपनी जरूरत के मुताबिक इस रकम को किस्तों में प्राप्त कर सकेंगे। EPFO के केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) ने रिटायर होने वाले सदस्यों के लिए Systematic Withdrawal Plan (SWP) शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

इस फैसले का मकसद कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद नियमित आमदनी का एक जरिया उपलब्ध कराना है। अभी तक कर्मचारी नौकरी से रिटायर होने के बाद अपने PF खाते में जमा पूरी रकम निकाल सकते थे। लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद उन्हें अपनी बचत को लंबे समय तक किस्तों में प्राप्त करने का विकल्प मिल सकेगा। इससे रिटायरमेंट के बाद पैसों के प्रबंधन में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

EPFO का SWP क्या है, कैसे काम करेगी नई सुविधा?

Systematic Withdrawal Plan यानी SWP के तहत EPFO सदस्य अपनी जमा PF राशि को एकमुश्त निकालने के बजाय तय अंतराल पर किस्तों में प्राप्त कर सकेंगे। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि रिटायरमेंट के बाद भी उनकी जमा पूंजी से नियमित आमदनी मिलती रहेगी।

इस व्यवस्था में सदस्य अपनी मूल जमा राशि पर मालिकाना हक बनाए रखेंगे। यानी उन्हें अपनी पूरी बचत एक साथ निकालने की जरूरत नहीं होगी। EPFO के मुताबिक, यह पहल रिटायरमेंट के बाद आर्थिक सुरक्षा मजबूत करने और सदस्यों को नियमित एवं भरोसेमंद आमदनी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लाई जा रही है।

नई सुविधा में परिवार के हितों का भी ध्यान रखा गया है। अगर किसी सदस्य की किस्तों में भुगतान प्राप्त करते समय मृत्यु हो जाती है, तो उसके नॉमिनी या आश्रित के पास खाते में बची रकम निकालने अथवा नियमित किस्तों का भुगतान जारी रखने का विकल्प होगा।


पहले चरण में 6.3 लाख PF सदस्यों को मिल सकता है फायदा

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस स्वैच्छिक योजना को शुरुआती चरण में मौजूदा EPFO सदस्यों के लिए लागू करने की तैयारी है। संगठन का अनुमान है कि 55 साल से अधिक उम्र के करीब 6.3 लाख सदस्य शुरुआत में इस सुविधा से लाभान्वित हो सकते हैं। आगे चलकर करोड़ों मौजूदा PF खाताधारकों के लिए भी इसका दायरा बढ़ सकता है।

गुरुवार को केंद्रीय न्यासी बोर्ड की बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने की। इससे पहले टाइम्स ऑफ इंडिया ने इस प्रस्ताव पर विचार किए जाने की खबर प्रकाशित की थी। अब केंद्रीय न्यासी बोर्ड ने इसे मंजूरी दे दी है।

अभी PF खाते को लेकर क्या है नियम?

मौजूदा व्यवस्था के तहत रिटायरमेंट के बाद सदस्यों को अपना पूरा PF फंड तीन साल के भीतर निकालना होता है, ताकि खाता निष्क्रिय न हो जाए और उस पर सालाना ब्याज मिलना बंद न हो। SWP की नई व्यवस्था इसी समस्या का समाधान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस सुविधा के जरिए कर्मचारी अपनी रिटायरमेंट बचत को एक नियमित आमदनी के रूप में इस्तेमाल कर सकेंगे। खासकर उन लोगों को इसका फायदा मिल सकता है, जिन्हें रिटायरमेंट के बाद अपनी जमा पूंजी को लंबे समय तक संभालकर रखने और खर्चों का प्रबंधन करने में परेशानी होती है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए