CJP Protest: अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका रिहा, ध्रुव राठी भी पुलिस हिरासत से छूटे
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के तीन प्रमुख नेताओं की रिहाई हो गई है। अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास आज दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन में एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश हुए, जिसके बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके और साथी नेता आशुतोष रांका और सौरव दास को एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेशी के बाद रिहा कर दिया गया। तीनों नेताओं को शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान से उतरने के तुरंत बाद हिरासत में लिया गया था। CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह ने दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी से मिली जानकारी के आधार पर उनकी रिहाई की पुष्टि की।
सीजेपी की लीगल अफेयर्स हेड रत्ना सिंह ने एक्स पर पोस्ट किया, "एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट कोर्ट ने अभिजीत, सौरव और आशुतोष को रिहा कर दिया।" सीजेपी ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "आखिरकार दिल्ली पुलिस को अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को रिहा करने के लिए मजबूर होना पड़ा।"
बता दें कि अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को शनिवार को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तब हिरासत में लिया गया था, जब वे भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए राजधानी दिल्ली पहुंचे थे। यह घटनाक्रम सीजेपी द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से जुड़ा है, जो मतदाता सूची के 'स्पेशल इंटेंसिव रिविजन' (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं को लेकर किया जाना था।
वहीं, दिल्ली में CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिए गए यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी गुरुग्राम पुलिस ने शनिवार देर रात छोड़ दिया। दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम और गुरुग्राम पुलिस ने शनिवार सुबह करीब पौने आठ बजे उन्हें सेक्टर-56 स्थित केंद्रीय विहार में उनके घर से हिरासत में लिया था। इसके बाद उन्हें सेक्टर-39 स्थित क्राइम ब्रांच कार्यालय ले जाया गया। हिरासत के दौरान उन्हें फोन इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी गई।
जानकारी के मुताबिक, ध्रुव राठी से पुलिस ने बॉन्ड भी भरवाया है। बताया गया है कि यदि वह जंतर-मंतर जाने को लेकर कोई पोस्ट करते हैं या वहां पहुंचने की कोशिश करते हैं, तो पुलिस उनके खिलाफ दोबारा कार्रवाई कर सकती है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
