पंजाब के SAS नगर में ऑक्सीजन सिलेंडर फैक्ट्री में धमाका, दो की मौत, तीन घायल
हादसे में दो कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए हैं, जिनका स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है। सभी घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

पंजाब के एसएएस नगर के औद्योगिक क्षेत्र में उस समय अफरातफरी मच गई जब एक ऑक्सीजन सिलेंडर निर्माण फैक्ट्री में जोरादर धमाका हो गया। यह घटना फेज-11 इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक प्लांट में सुबह करीब 9 बजे हुई। धमाका इतना तेज था कि आसपास की इमारतों तक इसकी गूंज सुनाई दी।
हादसे में दो लोगों की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल
प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस हादसे में दो कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए हैं, जिनका स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है। सभी घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
SP सिटी श्रीवेनेला का बयान
घटना की जानकारी देते हुए एसपी सिटी श्रीवेनेला ने कहा, "फेज-11 के इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक ऑक्सीजन सिलेंडर प्लांट में सुबह लगभग 9 बजे जोरदार धमाका हुआ। प्रारंभिक जांच जारी है और विस्फोट के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। हमें शक है कि प्लांट में अब भी कुछ लीकेज हो सकता है, इसलिए इलाके को सील कर दिया गया है।"
मौके की भयावह तस्वीर आई सामने
धमाके के बाद फैक्ट्री के अंदरूनी हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। फैक्ट्री की दीवारें दरक गईं और सिलेंडरों के टुकड़े आसपास बिखरे मिले। दमकल विभाग ने मलबे में फंसे कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रारंभिक जांच और सुरक्षा अलर्ट
पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और फैक्ट्री परिसर को खाली कराया गया। फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुट गई है। सुरक्षा कारणों से आसपास के उद्योगों को भी अलर्ट जारी किया गया है।