आंदोलन के चार महीने पूरे होने पर आज किसानों का भारत बंद, कांग्रेस ने किया अन्नदाताओं का समर्थन

संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा कि भारत बंद के दौरान सभी दुकानें, मॉल, बाजार और संस्थान बंद रहेंगे। तमाम छोटी और बड़ी सड़कें, राजमार्गों और रेलमार्ग को जाम रखा जाएगा। किसानों के बंद को मजदूर संगठनों, छात्र संगठनों, वकील संघों, राजनीतिक दलों ने समर्थन दिया है।

फाइल फोटोः gettyimages
फाइल फोटोः gettyimages
user

नवजीवन डेस्क

मोदी सरकार के विवादित कृषि कानूनों के खिलाफ राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसानों के आंदोलन को आज चार महीने पूरे हो गए। इस मौके पर किसानों ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दलों ने किसानों के भारत बंद का समर्थन किया है। माना जा रहा है कि भारत बंद का देश भर में व्यापक असर रहेगा।

संयुक्त किसान मोर्चा के प्रवक्ता जगतार सिंह बाजवा ने इस बारे में बताया कि दिल्ली की सीमाओं पर किसानों के संघर्ष के 26 मार्च को 4 महीने पूरे होने पर किसान विरोधी सरकार के खिलाफ भारत बंद किया जाएगा। बाजवा ने कहा कि सयुंक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर देश के तमाम किसान संगठनों, मजदूर संगठनों, छात्र संगठनों, वकील संघों, राजनीतिक दलों और राज्य सरकारों के कर्मचारी संगठनों ने इस बंद का समर्थन किया है।

संयुक्त किसान मोर्चा के प्रवक्ता ने बताया कि यह बंद सुबह 6 से शाम 6 बजे तक किया जाएगा। पूर्ण भारत बंद के तहत सभी दुकानें, मॉल, बाजार और संस्थान बंद रहेंगे। तमाम छोटी और बड़ी सड़कें और रेलवे ट्रैक जाम की जाएंगी। एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी सेवाएं बंद रहेंगी। दिल्ली के अंदर भी भारत बंद का व्यापक प्रभाव रहेगा। दिल्ली की जिन सीमाओं पर किसान आंदोलन चल रहे हैं, वे सड़कें पहले से बंद हैं। इस दौरान वैकल्पिक रास्ते खोले गए थे। कल के भारत बंद के दौरान सुबह 6 से शाम 6 बजे तक इन वैकल्पिक रास्तों को भी बंद किया जाएगा।

संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा कि सभी प्रदर्शनकारी नागरिको से अपील की जाती है कि शांतिमय रहते हुए आज के भारत बंद को सफल बनाएं। किसी भी प्रकार की नाजायज बहस में न उलझें। यह किसानों के सब्र का ही परिणाम है कि आन्दोलन इतना लम्बा चला है और हमें निरन्तर सफलताएं मिल रही हैं। किसान आन्दोलन की मजबूती के लिए आज के भारत बंद को शांतिपूर्ण तरीके से सभी मिलकर सफल बनाएं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia