किसानों के साथ आए देश के पूर्व खिलाड़ी, परगट सिंह समेत 35 धुरंधरों ने किया अवार्ड लौटाने का ऐलान

कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले नौ दिनों से दिल्ली के बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में अब देश के कई पूर्व खिलाड़ी भी आ गए हैं। पूर्व हॉकी कप्तान परगट सिंह समेत 35 खिलाड़ियों ने किसानों के समर्थन में अपने अवार्ड सरकार को लौटाने का ऐलान किया है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

आसिफ एस खान

मोदी सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले करीब दो महीने से जारी किसानों का आंदोलन अब तेज होता जा रहा है। विभिन्न राज्यों से निर्णायक लड़ाई के मूड में पहुंचे किसान पिछले 9 दिनों से दिल्ली की सभी सीमाओं को घेर कर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच किसानों को देश के विभिन्न क्षेत्र के लोगों का समर्थन मिलता जा रहा है। इसी कड़ी में आज पूर्व हॉकी कप्तान परगट सिंह समेत 35 खिलाड़ियों ने किसानों के समर्थन में सरकार को अपने अवार्ड लौटाने का ऐलान कर दिया है।

भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और दो बार ओलंपिक में टीम इंडिया का नेतृत्व कर चुके परगट सिंह ने किसानों के समर्थन में 7 दिसंबर को पद्म श्री सम्मान लौटाने का ऐलान किया है। हॉकी में योगदान के लिए साल 1998 में परगट सिंह को पद्म श्री अवार्ड से नवाजा गया था। इससे पहले 1989 में परगट सिंह को अर्जुन अवार्ड भी मिल चुका है। परगट सिंह की गिनती दुनिया के बेस्ट डिफेंडरों में होती रही है।

जनसत्ता की खबर के अनुसार परगट सिंह के अलावा खेल जगत से जुड़ी कई अन्य बड़ी हस्तियों ने भी किसानों के समर्थन में उतरते हुए अपने अवार्ड वापस करने का ऐलान किया है। इनमें पद्म श्री से सम्मानात करतार सिंह, ओलंपिक विजेता गुरमेल सिंह, पूर्व क्रिकेट कोच राजिंदर सिंह, अर्जुन अवार्ड से सम्मानित सज्जन सिंह चीमा और राजबीर कौर के नाम शामिल हैं। खबरों के अनुसार ये सभी खिलाड़ी 5 दिसंबर को दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में जाकर अपना अवार्ड वापस करेंगे।

बता दें कि किसानों के आंदोलन के समर्थन में एक दिन पहले पंजाब के पूर्व सीएम और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश सिंह बादल ने अपना पद्म विभूषण अवार्ड लौटाने का ऐलान किया है। प्रकाश सिंह बादल के अलावा अकाली दल-डेमोक्रेटिक के प्रमुख और राज्यसभा सांसद सुखदेव सिंह ढिंढसा ने भी किसानों के समर्थन में अपना पद्म भूषण अवार्ड लौटाने का ऐलान किया है। इनके अलावा भी और कई हस्तियों द्वारा सम्मान लौटाने का ऐलान हो सकता है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 05 Dec 2020, 12:00 AM