6 फरवरी को देशव्यापी चक्का जाम में फंसे लोगों को भोजन-पानी देंगे किसान, बताएंगे कृषि कानूनों की पूरी हकीकत

भारत में जारी किसान आंदोलन के समर्थन में विदशी हस्तियों के बयानों पर राकेश टिकैत ने कहा कि हॉलीवुड कलाकारों द्वारा किसानों के आंदोलन का समर्थन करने में कोई बुराई नहीं है। मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता, लेकिन वे बिना किसी अपेक्षा के समर्थन कर रहे हैं।

फोटोः नवजीवन
फोटोः नवजीवन
user

नवजीवन डेस्क

केंद्र के विवादित कृषि कानूनों के खिलाफ राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर करीब ढाई महीने से आंदोलन कर रहे किसानों ने 6 फरवरी को 3 घंटे के लिए देशव्यापी चक्का जाम करने का ऐलान किया है। आंदोलकारी किसानों ने ऐलान किया है कि ये चक्का जाम दिल्ली को छोड़कर पूरे देश में होगा और इस दौरान जाम में फंसे लोगों की भोजन-पानी देकर किसान उन्हें कृषि कानूनों की हकीकत बताएंगे।

चक्का जाम के बारे में बताते हुए भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि 6 फरवरी को तीन घंटे का 'चक्का जाम' होगा। यह दिल्ली में नहीं बल्कि दिल्ली के बाहर हर जगह होगा। इसमें फंसे लोगों को खाना और पानी दिया जाएगा। हम उन्हें कृषि कानूनों की हकीकत समझाएंगे और बताएंगे कि सरकार हमारे साथ क्या कर रही है।

इस दौरान भारत में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में विदशी हस्तियों के बयानों पर राकेश टिकैत ने कहा कि हॉलीवुड कलाकारों के किसानों के आंदोलन का समर्थन करने में कोई बुराई नहीं है। टिकैत ने कहा, “मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता, लेकिन वे बिना किसी अपेक्षा के समर्थन कर रहे हैं। अगर संयुक्त किसान मोर्चा ने उन्हें धन्यवाद दिया है तो किसान यूनियन भी ऐसा ही करेगी।”

बता दें कि केंद्र के विवादित कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर दो महीने से ज्यादा समय से जारी किसान आंदोलन कर रहे संगठनों की अगुवाई कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा ने 1 फरवरी को फैसला लिया था कि 6 फरवरी को किसान देशभर में चक्का जाम करेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय किसान यूनियन (आर) के बलबीर सिंह राजेवाल ने बताया कि 6 फरवरी को देशव्यापी आंदोलन होगा। हम दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच सड़कों पर जाम करेंगे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia