राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी बीजेपी के अहंकार और तानाशाही की पराकाष्ठा: अशोक गहलोत
गहलोत ने कहा कि पीड़ित को ही आरोपी बनाकर बीजेपी सरकार खुले तौर पर संविधान और बाबासाहेब आंबेडकर के सिद्धांतों को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि खड़गे, राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस दलितों के साथ मजबूती से खड़ी है और हर ऐसे अन्याय का विरोध करती रहेगी।

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने की आलोचना करते हुए इसे बीजेपी के अहंकार और तानाशाही की पराकाष्ठा करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि बीजेपी चाहती है कि दलितों के साथ भेदभाव जारी रहे।
अशोक गहलोत ने सोमवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ हुए छुआछूत के व्यवहार के खिलाफ राहुल गांधी द्वारा आवाज उठाने के कारण उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई दिखाती है कि बीजेपी चाहती है कि दलितों के साथ छुआछूत और भेदभाव जारी रहे, जबकि इसके खिलाफ आवाज उठाने वालों को परेशान किया जाए और उन्हें निशाना बनाया जाए।
अशोक गहलोत ने कहा, ‘‘कांग्रेस हमेशा छुआछूत और भेदभाव के खिलाफ मजबूती से खड़ी रही है।’’ उन्होंने संविधान में छुआछूत के उन्मूलन और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम का उल्लेख करते हुए कहा कि दलितों की सुरक्षा के लिए कांग्रेस सरकारों के दौरान कई कदम उठाए गए।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री ने सवाल किया, ‘‘बीजेपी ने दलितों के हित में ऐसा कोई सार्थक कदम क्यों नहीं उठाया? आरएसएस ने छुआछूत खत्म करने के लिए कभी कोई अभियान क्यों नहीं चलाया?’’ उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी न केवल दलितों के साथ होने वाले भेदभाव की अनदेखी करती है, बल्कि ‘‘सक्रिय रूप से उसे संरक्षण और बढ़ावा’’ भी देती है।
इसे भी पढ़ेंः 'शुद्धीकरण' करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने में इतना डर क्यों? पवन खेड़ा का BJP और उत्तराखंड सरकार से सवाल
अशोक गहलोत ने आरोप लगाया, ‘‘पीड़ित को ही आरोपी बनाकर यह बीजेपी सरकार खुले तौर पर संविधान और बाबासाहेब आंबेडकर के सिद्धांतों को कमजोर कर रही है।’’ उन्होंने कहा कि खड़गे, राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस पार्टी दलितों के साथ मजबूती से खड़ी है और हर ऐसे अन्याय का विरोध करती रहेगी।
इसे भी पढ़ेंः BJP के गढ़ में कांग्रेस का मास्टर स्ट्रोक, भवानीमंडी में पूर्व पालिका अध्यक्ष रामलाल गुर्जर ने परिवार संग थामा हाथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
