अरविंद केजरीवाल समेत आम आदमी पार्टी के नेताओं पर FIR दर्ज, बंगला साहिब गुरुद्वारे में हंगामे का आरोप
शिकायत में यह भी कहा गया है कि 'आप' नेताओं और विधायकों ने सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित किए, जिनमें घटना को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति पर आरोप लगाया गया।

आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और अन्य पार्टी नेताओं के खिलाफ एफईआर दर्ज।
दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (डीएसजीएमसी) की शिकायत पर दर्ज हुआ केस।
पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली पुलिस ने बंगला साहिब गुरुद्वारे में कथित तौर पर हंगामा करने के मामले में दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (डीएसजीएमसी) की शिकायत पर आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और अन्य पार्टी नेताओं के खिलाफ एफईआर दर्ज की है। मीडिया रिपोर्ट्स में ये बात सामने आई है।
डीएसजीएमसी के आरोप में क्या?
खबरों के मुताबिक, रविवार को दर्ज कराई गई शिकायत में डीएसजीएमसी ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गुरुद्वारा परिसर में प्रवेश किया और वहां विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे अफरा-तफरी और अशांति पैदा हुई। इस तरह 'गुरु घर' की पवित्रता का राजनीतिक गतिविधियों के लिए दुरुपयोग करने का प्रयास किया गया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि 'आप' नेताओं और विधायकों ने सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित किए, जिनमें घटना को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति पर आरोप लगाया गया।
पुलिस ने जांच शुरू की
न्यूज एजेंसी पीटीआई ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है और घटनाओं के क्रम का पता लगाने के लिए शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराए गए फुटेज की जांच की जा रही है।
क्या है मामला?
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर जाने का प्रयास कर रहे प्रदर्शनकारी शनिवार को बड़ी संख्या में गुरुद्वारा परिसर में एकत्र हुए थे। हालांकि, पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के कारण उनके प्रयास विफल कर दिए गए थे।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
