दिल्ली में CBI मुख्यालय के बेसमेंट में लगी आग, कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू

अधिकारी के अनुसार आग ने बिजली के बोर्ड और फाल्स सीलिंग को अपनी चपेट में ले लिया था, जिसके कारण बेसमेंट से धुआं निकलता देखा गया, जिसके बाद बिल्डिंग और उसके आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। इमारत में मौजूद सभी कर्मचारियों को आनन-फानन में बाहर निकाला गया।

फोटोः IANS
i

राजधानी दिल्ली के लोधी रोड इलाके में सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित सीबीआई बिल्डिंग के बेसमेंट में शुक्रवार दोपहर आग लग गई। दमकल के एक अधिकारी ने बताया कि अग्नीशमन विभाग को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की इमारत में दोपहर करीब 1:40 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि कुल आठ दमकल गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया।


ताजा जानकारी के अनुसार, दमकलकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर 2.30 बजे आग पर काबू पा लिया गया। अधिकारी ने बताया कि आग ने मुख्य रूप से बिजली के बोर्ड और फाल्स सीलिंग को अपनी चपेट में ले लिया था, जिसके कारण बेसमेंट क्षेत्र से धुआं निकलता देखा जा सकता था।


बेसमेंट से धुंआ निकलने की घटना के बाद सीबीआई की इमारत और उसके आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। इमारत में मौजूद सभी कर्मचारियों को आनन-फानन में बाहर निकाला गया। हालांकि, दमकल की आठ गाड़ियां आग की लपटों को बुझाने के लिए जोरदार सायरन बजाते हुए समय पर पहुंच गईं।

एक अधिकारी ने कहा कि आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। बता दें कि यह घटना पश्चिमी दिल्ली के मायापुरी में एक फैक्ट्री के गोदाम में भीषण आग लगने के ठीक एक दिन बाद हुई है। उस घटना में भी समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए