पहले हुआ तेल रिसाव फिर इंजन फेल, हजारों फीट ऊपर टला बड़ा विमान हादसा, बीच रास्ते से लौटी एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट
उड़ान भरने के करीब 50 मिनट बाद विमान जब 36,000 फीट की ऊंचाई पर था, तब पायलट और सह-पायलट ने इंजन-1 में तेल का स्तर तेजी से गिरता हुआ देखा।

कोच्चि से अबू धाबी जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-415 को उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी के चलते वापस कोच्चि लौटना पड़ा। बोइंग 737 विमान के इंजन नंबर-1 में तेल की मात्रा तेजी से कम होने और ऑयल प्रेशर के खतरनाक स्तर तक पहुंचने के बाद पायलटों ने एहतियातन इंजन बंद कर दिया और विमान का रुख वापस कोच्चि की ओर मोड़ दिया।
सूत्रों के मुताबिक, उड़ान भरने के करीब 50 मिनट बाद विमान जब 36,000 फीट की ऊंचाई पर था, तब पायलट और सह-पायलट ने इंजन-1 में तेल का स्तर तेजी से गिरता हुआ देखा। स्थिति बिगड़ने पर चालक दल ने मानक निर्णय प्रक्रिया FORDEC के तहत हालात का आकलन किया। तेल की मात्रा लगातार कम होने और दबाव खतरे के स्तर तक पहुंचने के बाद इंजन को बंद करने का फैसला लिया गया।
इसके बाद विमान को अबू धाबी ले जाने के बजाय वापस कोच्चि लाया गया। पायलटों की सतर्कता और समय पर लिए गए फैसले की वजह से विमान ने कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एयरलाइन की ओर से यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
