'पहले कम अंतरराष्ट्रीय दामों का लाभ जनता से छीना, अब महंगाई के बोझ से जनता का निकाला पसीना', कांग्रेस का PM मोदी पर तंज

कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर अपने आधिकारिक ‘हैंडल’ से पोस्ट किया, ‘‘ ‘महंगाई मैन’ मोदी ने जनता को झटका दिया। मोदी सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम सीधे 60 रुपये बढ़ा दिए हैं।"

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
i
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये बढ़ोतरी को लेकर शनिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनता पर लगातार महंगाई का हंटर चला रहे हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष का पीएम पर तंज

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ‘‘घरेलू एलपीजी सिलेंडर में 60 रुपये का इजाफा, वाणिज्यिक एलपीजी में कमाया 115 रुपये का मुनाफा, पहले कम अंतरराष्ट्रीय दामों का लाभ जनता से छीना, अब महंगाई के बोझ से जनता का निकाला पसीना।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जंग होने पर ‘सब चंगा सी’ वाली दावेबाज मोदी सरकार

पर्याप्त तेल-गैस, उर्वरक मुहैया कराने में लाचार है।’’


कांग्रेस ने पीएम मोदी को घेरा

कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर अपने आधिकारिक ‘हैंडल’ से पोस्ट किया, ‘‘ ‘महंगाई मैन’ मोदी ने जनता को झटका दिया । मोदी सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम सीधे 60 रुपये बढ़ा दिए हैं। वहीं, वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के लिए अब आपको 115 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे।

उसने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनता पर लगातार ‘‘महंगाई का हंटर चला रहे’’ हैं।

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच घरेलू एलपीजी (तरलीकृत पेट्रोलियम गैस) सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमत में 114.5 रुपये की वृद्धि की गई है।

इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली में अब गैर-सब्सिडी वाली एलपीजी (जिसका इस्तेमाल उज्ज्वला लाभार्थियों के अलावा आम घरेलू उपभोक्ता अपनी रसोई में करते हैं) का 14.2 किलोग्राम का सिलेंडर 913 रुपये में मिलेगा जबकि पहले इसकी कीमत 853 रुपये थी। एक साल से भी कम समय में कीमत में दूसरी बार बढ़ोतरी की गई है।

पीटीआई के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia