दिल्ली में आई बाढ़ प्रायोजित, यूपी-हरियाणा की बजाए सारा पानी राजधानी में छोड़ा गया: AAP

संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली में आई बाढ़ बीजेपी और केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित थी। दिल्ली में तीन दिनों से बारिश नहीं हुई है, फिर भी यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया, क्योंकि हथिनीकुंड से सारा पानी दिल्ली की ओर यमुना में छोड़ा गया।

आप ने दिल्ली में आई बाढ़ को प्रायोजित बताया
आप ने दिल्ली में आई बाढ़ को प्रायोजित बताया
user

नवजीवन डेस्क

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में बाढ़ के हालात के लिए बीजेपी और केंद्र सरकार की गहरी साजिश करार को जिम्मेदार ठहराया है। आप का कहना है कि नफरत और दुर्भावना के चलते 9 से 13 जुलाई तक सारा पानी दिल्ली की ओर छोड़ा गया। दिल्ली वालों ने दिल्ली में अरविंद केजरीवाल को जिता दिया और एमसीडी में भी ‘आप’ की सरकार बना दी। इसलिए बीजेपी दिल्ली से इतनी नफरत करती है।

राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली में आई बाढ़ बीजेपी और केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित थी। दिल्ली में तीन दिनों से बारिश नहीं हुई है, फिर भी यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया, क्योंकि हथिनीकुंड से सारा पानी दिल्ली की ओर यमुना में छोड़ा गया। जबकि, ऐसी स्थिति में हथिनी कुंड से उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली की तरफ बराबर पानी छोड़ा जाता है।

संजय सिंह ने कहा कि देश के पांच राज्य हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश पूरी तरह से बाढ़ से प्रभावित हैं। अगर हम दिल्ली की बात करें तो राजधानी में पिछले तीन दिनों से बारिश नहीं हुई है, ऐसे में यहां बाढ़ आने के पीछे की क्या वजह है। आज दिल्ली में बिना बारिश के जो बाढ़ आई है, यह एक प्रायोजित की हुई आपदा है। यह प्राकृतिक आपदा नहीं है। इस बात को हम पूरी जिम्मेदारी के साथ कह सकते हैं।

संजय सिंह ने कहा कि सीएम अरविंद केजरीवाल तो अपने मंत्रियों के साथ फील्ड पर मौजूद हैं और बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। बीजेपी वाले मजाक उड़ा रहे हैं, मीम बना रहे हैं। बीजेपी के लोग यह नहीं समझ रहे हैं कि ये जो काम कर रहे हैं इससे जनता के दिल में इन्हीं का मीम बन रहा है।


संजय सिंह ने कहा कि हरियाणा में हथिनी कुंड बैराज से एक तरफ पानी दिल्ली की यमुना में आता है, इसके अलावा उत्तर प्रदेश के रास्ते जाता है और कैनाल के रास्ते हरियाणा की तरफ पानी छोड़ा जाता है। बाढ़ की स्थिति होने पर अगर यह तीनों रास्तों में बराबर पानी छोड़ते तो दिल्ली भी सुरक्षित रहती, हरियाणा भी सुरक्षित रहता और उत्तर प्रदेश का इलाका भी सुरक्षित रहता। लेकिन, सारा पानी दिल्ली में ही छोड़ दिया गया।

उन्होंने कहा कि मैं लॉक शीट के साथ इस बात को बता रहा हूं। 9 तारीख से 13 तारीख तक लगातार हरियाणा और उत्तर प्रदेश की तरफ जाने वाले पानी को रोक दिया गया और हथिनी कुंड बैराज से सारा पानी दिल्ली की तरफ छोड़ा गया। दिल्ली सरकार इन परिस्थितियों को नियंत्रित करने के लिए काम कर रही है। वरना जिस तरह से सिर्फ दिल्ली में पानी छोड़ा गया है, उससे तो राजधानी की 1978 से भी ज्यादा भयावह स्थिति होती और पूरी दिल्ली डूब जाती।

सांसद संजय सिंह ने कहा कि अगर बराबर पानी छोड़ते तो इतनी भयावह स्थिति नहीं पैदा होती। आज हरियाणा भी डूब गया है और उत्तर प्रदेश का नोएडा भी पूरा डूब गया है। क्योंकि पानी का 230 किलोमीटर का रास्ता है, उस रास्ते में हरियाणा और यूपी भी आता है, ऐसे में जो भी क्षेत्र इसमें आएगा वह डूबेगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia