पूर्व लोकसभा स्पीकर सोमनाथ चटर्जी का निधन, राष्ट्रपति, पीएम और कांग्रेस अध्यक्ष समेत कई नेताओं ने जताया दुख

लोकसभा के पूर्व स्पीकर सोमनाथ चटर्जी ने सोमवार को अपनी आखिरी सांस ली। बीते कुछ दिनों से उनकी तबियत खराब बताई जा रही थी। इसके बाद उन्हें कोलकता के अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया था।

फोटो: सोशल मीडिया 
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी का सोमवार को निधन हो गया। वह किडनी की बीमारी के चलते कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।

1971 में वह पहली बार सांसद बनें और 10 बार लोकसभा सदस्य के रूप में चुने गए थे। 4 जून 2004 को जब वे 14वीं लोकसभा के अध्यक्ष के रुप में चुने गए तो उनके नाम पर प्रस्ताव कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रखा, जो सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया और सोमनाथ चटर्जी निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित कर लिए गए थे। उन्हें काफी विनोद प्रिय कहा जाता था।

पिछले महीने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष को मस्तिष्काघात के बाद अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। अधिकारी ने कहा, “पिछले 40 दिनों से चटर्जी का उपचार चल रहा है। स्वास्थ्य में सुधार के संकेत मिलने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी लेकिन हालत बिगड़ने के बाद उन्हें फिर से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।”

पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी मशहूर वकील निर्मल चंद्र चटर्जी के बेटे थे। निर्मल चंद्र अखिल भारतीय हिंदू महासभा के संस्थापक भी थे। सोमनाथ चटर्जी ने सीपीएम के साथ राजनीतिक करियर की शुरुआत 1968 में की और 2008 तक इस पार्टी से जुड़े रहे। 1971 में वह पहली बार सांसद चुने गए और इसके बाद राजनीति में कभी पीछे मुड़कर नहीं देखे। चटर्जी 10 बार लोकसभा सदस्य के रूप में चुने गए।

इनके निधन के बाद पीएम मोदी, राष्ट्रपति और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सहित कई राजनेताओं ने शोक व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सोमनाथ चटर्जी ने हमारे संसदीय लोकतंत्र को मजबूत किया। साथ ही वह गरीबों और असहाय के बेहतरी की बुलंद आवाज थे। उन्‍होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं सोमनाथ चटर्जी के परिवार और समर्थकों के साथ हैं।


राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सोमनाथ चटर्जी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, “सोमनाथ चटर्जी के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। देश और बंगाल के लिए एक बड़ी हानि है। उनके परिवार और शुभचिंतकों के प्रति मेरी संवादनाएं हैं।”

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लिखा वह 10 बार लोकसभा स्पीकर के तौर पर चुने गए थे। मैं उनके निधन से दुखी हूं। एक संस्थान थे और पार्टी से हटकर सभी सांसदों के मन में उनके लिए अपार सम्मान है। इस दुख के समय में उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।

पूर्व लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार ने सोमनाथ चटर्जी के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि मैं उस पद पर रही जिसे उन्होंने सुशोभित किया था।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बताया कि सोमनाथ चटर्जी के पार्थिव शरीर को पहले कोलकाता हाई कोर्ट ले जाया जाएगा क्योंकि वे काफी समय तक एक वकील के रूप में कोर्ट से जुड़े रहे थे। वहां से उनके पार्थिव शरीर को राज्य विधानसभा ले जाया जाएगा जहां उन्हें राजकीय सम्मान दिया जाएगा। उसके बाद उनका परिवार पार्थिव शरीर को उनके घर ले जाएगा और आखिर में उस अस्पताल को सौंप दिया जाएगा जिसे उन्होंने मेडिकल रिसर्च के लिए जीवित रहते ही अपना शरीर दान कर दिया था।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia