तमिलनाडु के पूर्व डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन हिरासत में लिए गए, सीएम विजय-तृषा पर विवादित टिप्पणी का आरोप
टीवीके ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ अपना विरोध तेज करते हुए मंगलवार को स्थानीय पुलिस और राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) दोनों जगह शिकायतें भी दर्ज कराईं हैं।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय और अभिनेत्री तृषा पर कथित विवादित टिप्पणी के आरोप में पुलिस ने डीएमके के नेता उदयनिधि स्टालिन को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार, उधयनिधि स्टालिन ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विजय को लेकर ऐसी टिप्पणी की जिस पर विरोधी दलों और विजय समर्थकों ने कड़ी आपत्ति जताई। बयान सामने आने के बाद पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उन्हें हिरासत में लिया।
उदयनिधि के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
सीएम विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कज़गम (टीवीके) ने उदयनिधि स्टालिन के बयान को अत्यंत घिनौना और शर्मनाक करार दिया है। पार्टी ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ अपना विरोध तेज करते हुए मंगलवार को स्थानीय पुलिस और राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) दोनों जगह शिकायतें भी दर्ज कराईं हैं।
तंजावुर पूर्व थाने में टीवीके की तंजावुर मध्य जिला महिला शखा की संयोजक एस भैरवी ने शिकायत दर्ज कराई है। यह विवादास्पद टिप्पणी सोमवार को तंजावुर में ‘पनागल बिल्डिंग’ के पास उदयनिधि के नेतृत्व में डीएमके द्वारा किए गए एक प्रदर्शन के दौरान की गई थी।
उदयनिधि और डीएमके पर आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कावेरी मुद्दे पर उदयनिधि के भाषण के दौरान जब भीड़ ‘‘तृषा, तृषा’’ के नारे लगा रही थी, तो उन्होंने एक अश्लील और द्विअर्थी टिप्पणी के साथ जवाब दिया।
शिकायतकर्ता ने उन पर और डीएमके आईटी शाखा के पदाधिकारियों पर जानबूझकर महिलाओं को नीचा दिखाने, अभिनेत्री और सामान्य तौर पर महिलाओं को मानसिक पीड़ा पहुंचाने तथा जानबूझकर जन अशांति फैलाने के इरादे से सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस घटना का दो मिनट 39 सेकंड का वीडियो प्रसारित करने का आरोप लगाया।
उदयनिधि के खिलाफ महिला आयोग में शिकायत
इसी के साथ, टीवीके के राष्ट्रीय प्रवक्ता पझा सेल्वकुमार ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जिसमें आयोग से आग्रह किया गया है कि वह उदयनिधि से स्पष्टीकरण तलब करने के लिए नोटिस जारी करे और उन्हें बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने का निर्देश दे।
डीएमके ने कावेरी जल बंटवारे मुद्दे पर तमिलनाडु के अधिकारों को बनाए रखने के लिए दृढ़ कार्रवाई की मांग को लेकर तंजावुर में यह विरोध प्रदर्शन किया था।
DMK पर भड़के TVK नेता
विवादास्पद टिप्पणियों के बाद, एन आनंद और आदव अर्जुन सहित राज्य सरकार के मंत्रियों और पार्टी नेताओं और विधायकों ने ‘एक्स’ पर डीएमके की कड़ी निंदा की। उन्होंने स्टालिन के आचरण को ‘‘बेहद घिनौना’’ करार देते हुए कहा कि ऐसी हरकतें ‘‘डीएमके की मानसिकता, राजनीतिक संस्कृति और गिरते स्तर’’ को उजागर करती हैं।
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने भी इस मुद्दे पर डीएमके नेता पर निशाना साधा है। बीजेपी की तमिलनाडु इकाई के मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने इन टिप्पणियों को ‘‘घृणित, अश्लील, फूहड़ और शर्मनाक’’ बताते हुए उदयनिधि की गिरफ्तारी की मांग की।
पीटीआई के इनपुट के साथ
