पटना में छठ घाट की सफाई के दौरान बड़ा हादसा, पुनपुन नदी में डूबे चार किशोर, तीन लापता

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बावजूद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को मौके पर पहुंचने में कई घंटों का समय लगा। ग्रामीणों में प्रशासनिक व्यवस्था और छठ घाटों पर सुरक्षा इंतजामों के प्रति गहरी नाराजगी है।

पटना में छठ घाट की सफाई के दौरान बड़ा हादसा, पुनपुन नदी में डूबे चार किशोर, तीन लापता
i

बिहार में रविवार को लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर जहां विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की, वहीं राजधानी पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां छठ घाट की साफ-सफाई के दौरान चार किशोर पुनपुन नदी में डूब गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से एक किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीन किशोर अब भी लापता हैं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बावजूद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को मौके पर पहुंचने में काफी समय लगा। एक ग्रामीण ने कहा, "वेबसाइट पर दिए गए NDRF और SDRF के कॉन्टैक्ट नंबर गलत हैं। जब मैंने एक नंबर पर कॉल किया, तो जिसने उठाया उसने कहा कि उनका ट्रांसफर कहीं और हो गया है। विधायक कॉल क्यों नहीं उठा रहे हैं? पुलिस यहां पांच घंटे से है, फिर भी वे किसी से बात नहीं कर पा रहे हैं। अगर पुलिस उनसे बात नहीं कर सकती, तो हम कैसे करेंगे? जब तक कोई आएगा, तब तक पांच घंटे हो चुके होंगे; बच्चा जा चुका होगा, सब खत्म हो जाएगा।"


जानकारी के अनुसार, छठ महापर्व को लेकर मिर्जापुर घाट पर साफ-सफाई और अन्य तैयारियां की जा रही थीं। इसी दौरान चार किशोर नदी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर मौजूद लोगों और स्थानीय गोताखोरों ने बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद एक किशोर को नदी से बाहर निकाल लिया गया। उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, लापता तीन अन्य किशोरों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। उनकी तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया है।

पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। नदी में लापता किशोरों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इस हादसे के बाद मिर्जापुर गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई है। ग्रामीणों में प्रशासनिक व्यवस्था और छठ घाटों पर सुरक्षा इंतजामों के प्रति नाराजगी है।


वहीं हादसे की खबर मिलते ही लापता किशोरों के परिजन घाट पर पहुंच गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन और ग्रामीण लगातार किशोरों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। प्रशासन की ओर से लोगों से नदी के गहरे पानी में जाने से बचने और छठ घाटों पर सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए