ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे से लेकर SIR रद्द तक, खड़गे ने मोदी सरकार के सामने रखी 3 मांग, कहा- समझौता नहीं किया जाएगा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी पर हमला करते हुए कहा कि तानाशाह बहुत घबराया हुआ है, ध्यान भटकाने के एक और अध्याय के लिए तैयार रहिए।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
i

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी की तीन प्रमुख मांगें ऐसी हैं, जिनसे कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इनमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रद्द करना और बैलेट पेपर के जरिए चुनाव कराना शामिल है।

क्या है तीन प्रमुख मांगे?

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि कांग्रेस की पहली प्रमुख मांग मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की है। उन्होंने कहा कि पार्टी इन मांगों को लेकर अपने रुख पर कायम है।

SIR रद्द करने और बैलेट पेपर से चुनाव की मांग

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि दूसरी मांग मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को रद्द करना है। इसके अलावा पार्टी चुनावों में बैलेट पेपर के इस्तेमाल की भी मांग कर रही है।

खड़गे ने कहा कि ये तीनों मुद्दे कांग्रेस के लिए 'Non-Negotiable' हैं और पार्टी इन पर समझौता नहीं करेगी।

देशभर में आंदोलन का किया दावा

खड़गे के मुताबिक, देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता और INDIA गठबंधन के सहयोगी दल इन तीनों मुद्दों को लेकर सड़कों पर हैं। उन्होंने कहा कि जो नागरिक समाज के सदस्य और युवा संगठन इन मुद्दों को लेकर अलग-अलग जगहों पर संघर्ष कर रहे हैं, कांग्रेस उनके साथ है।

महिला पत्रकारों के कथित उत्पीड़न को लेकर बीजेपी पर निशाना

कांग्रेस अध्यक्ष ने दिल्ली में महिला पत्रकारों के कथित उत्पीड़न को लेकर भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने इस घटना को बेहद निंदनीय बताया और कहा कि ऐसे मामलों को लेकर पार्टी की चिंता बनी हुई है।

'ध्यान भटकाने के एक और अध्याय के लिए तैयार रहिए'

खड़गे ने अपने पोस्ट में कहा, “तानाशाह बहुत घबराया हुआ है, ध्यान भटकाने के एक और अध्याय के लिए तैयार रहिए।” यह टिप्पणी उन्होंने दिल्ली में महिला पत्रकारों से जुड़े कथित घटनाक्रम के संदर्भ में की।