गांधीजी ने कहा था क्रूर होता है जनता की राय की अवहेलना करने वाला शासक, अन्यायपूर्ण कानून हिंसा का एक रूप: प्रियंका

प्रियंका गांधी ने कहा कि गांधीजी ने कहा था जनता की राय की अवहेलना करने वाला शासक क्रूर होता है और कोई भी अन्यायपूर्ण कानून अपने आप में हिंसा का एक रूप है। गांधीजी की हत्या उनके विचारों की हत्या के उद्देश्य से भी की गई थी।

फोटो: IANS
फोटो: IANS
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उनके कथनों के जरिए केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। गांधीजी के कथन के जरिए उन्होंने इशारों में कृषि काननों को गलत बताया। प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, “गांधीजी ने कहा था जनता की राय की अवहेलना करने वाला शासक क्रूर होता है और कोई भी अन्यायपूर्ण कानून अपने आप में हिंसा का एक रूप है। गांधीजी की हत्या उनके विचारों की हत्या के उद्देश्य से भी की गई थी। लेकिन गांधी जी का सत्याग्रह आज पूरे भारत की ताकत है व हमारा दायित्व भी।”

प्रियंका गांधी से पहले कुछ इसी तरह का ट्वीट कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी किया। उन्होंने ने भी महात्मा गांधी के कथन को ट्वीट कर कहा, ““सत्य लोगों के समर्थन के बिना भी खड़ा रहता है, वह आत्मनिर्भर है- महात्मा गांधी।’ बापू की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।”


नाथूराम गोडसे ने 30 जनवरी 1948 को उस समय महात्मा गांधी का सीना गोलियों से छलनी कर दिया था, जब वह दिल्ली के बिड़ला भवन में शाम के समय प्रार्थना सभा से उठ रहे थे। गोडसे ने अपनी सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल से एक के बाद एक तीन गोलियां मारकर बापू की हत्या कर दी थी। उनकी हत्या के बाद गोडसे को फौरन गिरफ्तार कर लिया गया था। 15 नवंबर 1949 को नाथूराम गोडसे को फांसी की सजा सुनाई गई। शहीदी दिवस को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के रूप में भी मनाया जाता है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia