गाजियाबाद श्मशान घाट हादसा: मुख्य आरोपी ठेकेदार अजय त्यागी समेत चार गिरफ्तार

रविवार को मुरादनगर की श्मशान घाट का लेंटर गिरने से 24 लोगों की जान चली गई थी। हादसे के बाद कोहराम मच गया था। हादसे के बाद ही श्मशान घाट के निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमला की बात सामने आई थी।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के मुरादनगर में श्मशान घाट की छत गिरने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी ठेकेदार अजय त्यागी को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी समेत चार लोगों की गिरफ्तारी हुई है। मुख्य आरोपी ठेकेदार अजय त्यागी पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस आज कोर्ट में पेश कर सकती है।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी देते हुए गाजियाबाद के एसएसपी ने कहा, “मामले में मुख्य ठेकेदार को (जिस पर कल शाम 25 हजार का इनाम रखा गया था) देर रात्रि में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ की जा रही है। कठोरतम दण्डात्मक कार्रवाई के लिए सभी टीमों को अवगत करा दिया गया है।”

रविवार को मुरादनगर की श्मशान घाट का लेंटर गिरने से 24 लोगों की जान चली गई थी। हादसे के बाद कोहराम मच गया था। हादसे के बाद ही श्मशान घाट के निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमला की बात सामने आई थी। मुरादनगर श्मशान हादसे के बाद से मुख्य आरोपी अजय त्यागी फरार चल रहा था। पुलिस अब उसे गिरफ्तार कर पाई है।

श्मशान घाट की गैलरी का निर्माण करीब दो महीने पहले ही पूरा हुआ था और लेंटर 15 दिन पहले ही खुला था। इसके निर्माण के लिए 55 लाख रुपये का ठेका दिया गया था। इस मामले में गाजियाबाद पुलिस ने मुरादनगर थाने में एफआईआर दर्ज करने के बाद तीन अधिकारियों, ईओ निहारिका सिंह, जेई सीपी सिंह और सुपरवाइजर आशीष सिंह को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। इस मामले में लगातार आरोपियों पर शिकंजा कसा जा रहा है।

प्रदेश सरकार ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और हादसे में घायल लोगों को 50,000 रुपये की राशि देने की घोषणा की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समेत कई लोगों ने हादसे पर दुख जताया था।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 05 Jan 2021, 8:59 AM