कृति सेनन का राखी ऐड विवादों के बाद GIVA ने लिया वापस, कंपनी ने बताई वजह
कृति सेनन के रक्षाबंधन ऐड पर विवाद के बाद GIVA ने विज्ञापन वापस ले लिया है। कृति के लुक और कुत्ते को राखी बांधने पर सोशल मीडिया पर सवाल उठे थे।

जूलरी ब्रांड GIVA ने बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन का रक्षाबंधन स्पेशल विज्ञापन सोशल मीडिया पर हुई ट्रोलिंग के बाद वापस ले लिया है। विज्ञापन में कृति सेनन के लुक और कुत्ते को राखी बांधने को लेकर सवाल उठाए गए थे। विवाद बढ़ने के बाद कंपनी ने बयान जारी कर कहा कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और त्योहारों के प्रति उसके मन में पूरा सम्मान है। कंपनी ने यह भी कहा कि अगर विज्ञापन से समाज के किसी भी वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंची है तो उसका ऐसा कोई इरादा नहीं था।

कृति के लुक और कुत्ते को राखी बांधने पर उठे सवाल
कृति सेनन ने जूलरी ब्रांड GIVA के लिए रक्षाबंधन को लेकर यह खास विज्ञापन शूट किया था। विज्ञापन सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई। कृति के पहनावे से लेकर कुत्ते को राखी बांधने तक पर यूजर्स ने सवाल उठाए। विज्ञापन में अभिनेत्री ऑफ-व्हाइट रंग के कपड़ों में नजर आई थीं। उन्होंने ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट पहनी थी।
विज्ञापन रिलीज होने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि भारत के पारंपरिक त्योहार से जुड़े अभियान के लिए कृति का यह पहनावा सही नहीं था। इसी विवाद के बीच अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी इंस्टाग्राम पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी पसंद की पोशाक पहनने की आजादी है, लेकिन उन्हें कुछ मर्यादा का भी ध्यान रखना चाहिए। कंगना का यह बयान कृति सेनन के लुक की ओर इशारा माना गया।
आलोचना के बीच कृति सेनन ने दिया था जवाब
कृति सेनन के विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। एक आलोचक ने सवाल उठाते हुए कहा कि लोग किस युग में वापस जा रहे हैं और शुरुआत कपड़ों से हो रही है। आलोचक ने बॉलीवुड में ऐसे लोगों की भरमार होने का आरोप लगाया, जिन्हें हिंदू परंपराओं और रीति-रिवाजों में भरोसा नहीं है और जो लोकप्रियता के लिए दिखावा करते हैं। आलोचक ने यह भी कहा कि आजादी का मतलब नियम-कायदों को ताक पर रखना नहीं है।
इन आलोचनाओं के बीच कृति सेनन ने अपने पहनावे को लेकर जवाब दिया था। उन्होंने कहा था कि किसी महिला के कपड़ों से उसकी संस्कृति के प्रति सम्मान को नहीं आंका जाना चाहिए। कृति ने कहा कि त्योहारों की सही भावना कपड़ों में नहीं, बल्कि भावनाओं और परंपरा में होती है। उन्होंने रक्षाबंधन को सुरक्षा और प्यार का प्रतीक बताते हुए कहा कि वह अपनी बहन को भी राखी बांधती हैं और दोनों एक-दूसरे की हिफाजत, देखभाल, अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और लंबी आयु की प्रार्थना करते हैं।
कृति ने आगे कहा था कि उनके लिए यह प्यार और प्रार्थना उनके पालतू जीवों तक भी जाती है, क्योंकि वे भी परिवार का हिस्सा हैं। विज्ञापन में कुत्ते को राखी बांधने के पीछे भी यही भाव बताया गया था। हालांकि, विवाद थमने के बजाय बढ़ता गया और अब GIVA ने विज्ञापन को वापस लेने का फैसला किया है।
GIVA ने विज्ञापन वापस लेते हुए क्या कहा?
GIVA ने अपने बयान में कहा, “हमें भारतीय संस्कृति, परंपरा और त्योहारों का पूरा सम्मान है। एक ब्रांड के तौर पर हम हमेशा अपने पूरे परिवार के साथ ऐसे उत्साहवर्धक माहौल का जश्न मनाते हैं और इस मौके पर हम अपने पालतू पशुओं के लिए भी प्यार और जश्न का इजहार करना चाहते थे।”
कंपनी ने आगे कहा कि अगर उसके विज्ञापन से समाज के किसी भी वर्ग की भावनाओं को चोट पहुंची हो तो ऐसा करना उसका मकसद नहीं था। कंपनी ने कहा कि इसी सम्मान को ध्यान में रखते हुए वह सभी मीडिया से अपना विज्ञापन वापस ले रही है। इस तरह कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब GIVA के ऐड वापस लेने तक पहुंच गया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
