गोलवलकर ने सावरकर की आलोचना की थी, क्या बीजेपी और शिवसेना नेता उनकी किताब फाड़ेंगे: कांग्रेस
सचिन सावंत ने सवाल किया कि जो लोग सावरकर की विरासत को आगे बढ़ाने का दावा करते हैं, उन्हें बताना चाहिए कि वे आरएसएस के साथ सत्ता क्यों साझा कर रहे हैं? सावरकर के बारे में गोलवलकर की टिप्पणियों पर बीजेपी और शिवसेना का क्या रुख है?

गोलवलकर ने अपनी किताब ‘बंच ऑफ थॉट्स’ में वीडी सावरकर की आलोचना की थी
सचिन सावंत ने बीजेपी और शिवसेना को गोलवलकर की किताब फाड़ने की चुनौती दी
सावंत ने पूछा- आरएसएस बीजेपी की मातृ संस्था है, तो क्या शिवसेना सरकार छोड़ देगी
कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रवक्ता सचिन सावंत ने गुरुवार को दावा किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पूर्व सरसंघचालक एमएस गोलवलकर ने अपनी किताब ‘बंच ऑफ थॉट्स’ में हिंदुत्व विचारक वीडी सावरकर की आलोचना की थी। उन्होंने बीजेपी और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को इस पुस्तक की प्रति फाड़ने की चुनौती दी।
गोलवलकर की किताब को लेकर क्या करेंगे?
सचिन सावंत ने मुंबई में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अगर उन्हें (बीजेपी और शिवसेना नेताओं) लगता है कि सोनिया गांधी के संस्मरण में सावरकर का अपमान किया गया है, तो वे गोलवलकर की किताब को लेकर क्या करेंगे? उन्होंने सवाल किया, “क्या आप उस किताब के पन्ने फाड़ देंगे? आरएसएस बीजेपी की मातृ संस्था है और आप (शिवसेना) 2014 से उनके साथ सत्ता में हैं। क्या आप सरकार छोड़ देंगे?”
गोलवलकर ने सावरकर की आलोचना की थी
सावंत शिवसेना नेताओं की ओर से बुधवार को मुंबई में किए गए विरोध-प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें सावरकर के बारे में की गई टिप्पणी को लेकर सोनिया गांधी के संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के पन्ने फाड़े गए थे। सावंत ने कहा कि सोनिया गांधी की किताब के 201वें पन्ने पर एक अंश है, जिसमें बताया गया है कि जब कांग्रेस के स्वतंत्रता सेनानी हमलों और कैद का सामना कर रहे थे, तब सावरकर जैसे वरिष्ठ ‘आरएसएस विचारक’ ब्रिटिश सरकार के समक्ष दया याचिकाएं दायर कर रहे थे।
उन्होंने कहा, “यह एक ऐतिहासिक तथ्य है। अगर उन्होंने इस अंश को पढ़ा और समझा होता, तो वे ऐसी आपत्तियां नहीं उठाते।” सावंत ने गोलवलकर की ‘बंच ऑफ थॉट्स’ का जिक्र करते हुए कहा कि आरएसएस के दूसरे सरसंघचालक ने सावरकर की विचारधारा की आलोचना की थी, उनके हिंदुत्व को नकारात्मक बताया था और उनकी राष्ट्रवादी साख पर सवाल उठाए थे।
क्या बीजेपी या शिवसेना ‘बंच ऑफ थॉट्स’ के पन्ने फाड़ेंगी?
कांग्रेस प्रवक्ता ने दावा किया कि गोलवलकर ने सावरकर की हिंदू महासभा को मुस्लिम लीग का हिंदू समकक्ष भी बताया था। उन्होंने सवाल किया, “जो लोग सावरकर की विरासत को आगे बढ़ाने का दावा करते हैं, उन्हें बताना चाहिए कि वे आरएसएस के साथ सत्ता क्यों साझा कर रहे हैं? सावरकर के बारे में गोलवलकर की टिप्पणियों पर बीजेपी का क्या रुख है? क्या बीजेपी या शिवसेना ‘बंच ऑफ थॉट्स’ के पन्ने फाड़ेंगी?”
सचिन सावंत ने बीजेपी के पूर्व नेता अरुण शौरी की किताब ‘द न्यू आइकॉन: सावरकर एंड द फैक्ट्स’ का भी जिक्र किया। उन्होंने सोनिया गांधी की किताब की आलोचना करने वालों से इसे पढ़ने का आग्रह किया। सावंत ने वीडी सावरकर के परपोते सत्यकी सावरकर की ओर से राहुल गांधी के खिलाफ दायर मानहानि मामले में हुई अदालती कार्यवाही का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि सत्यकी सावरकर ने पहले चर्चा में आई छह दया याचिकाओं के अलावा सावरकर की ओर से दायर 10 अन्य दया याचिकाओं का जिक्र किया था।
कांग्रेस किताबें फाड़ने के खिलाफ है
सचिन सावंत ने सावरकर के जीवन के अन्य विवादास्पद पहलुओं का भी जिक्र किया, जिनमें उनके ‘वीर’ उपनाम की उत्पत्ति और उनकी पेंशन शामिल है। उन्होंने सोनिया गांधी के आलोचकों से ऐतिहासिक दस्तावेजों पर नजर डालने को कहा।
सावंत ने कहा कि कांग्रेस किताबें फाड़ने के खिलाफ है और वैचारिक मतभेदों का जवाब बहस के जरिये देने में यकीन करती है। उन्होंने कहा, “हम सावरकर की विचारधारा में विश्वास नहीं करते। हमने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। ऐतिहासिक हस्तियों के अलग-अलग पहलू हो सकते हैं और हमें उनकी विचारधारा पर सवाल उठाने का अधिकार है।”
अगर लोकतंत्र और संविधान बचते हैं, तो देश बचेगा
शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना-यूबीटी) के साथ कांग्रेस के गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर सावंत ने कहा कि दोनों पार्टियों ने कभी विचारधारा साझा करने का दावा नहीं किया, बल्कि वे लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एक साथ आई थीं। उन्होंने कहा, “हमारा एक साथ आना राष्ट्रीय हित में था। अगर लोकतंत्र और संविधान बचते हैं, तो देश बचेगा। हमारे वैचारिक मतभेदों को लेकर कोई भ्रम नहीं था।”
सावंत ने कहा कि सोनिया गांधी की किताब के पन्ने फाड़ा जाना संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की आजादी पर व्यापक हमला था। उन्होंने मुंबई में डॉ. बीआर आंबेडकर के प्रस्तावित स्मारक के निर्माण में देरी पर भी सवाल उठाए और दादर रेलवे स्टेशन का नाम डॉ. बीआर आंबेडकर के स्मारक ‘चैत्यभूमि’ के नाम पर रखे जाने की मांग का समर्थन किया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
