गुजरात: सरदार पटेल की 182 मीटर ऊंची प्रतिमा के उद्घाटन में उनके एकमात्र जीवित पोते गौतम पटेल नहीं होंगे शामिल!

पिछले दो सप्ताह से मुख्यमंत्री कार्यालय लगातार गौतम पटेल से संपर्क करने की कोशिश कर रहा है ताकि वे उद्घाटन समारोह में शामिल हों। लेकिन अब इस कार्यक्रम में एक सप्ताह से भी कम का वक्त बचा है और ऐसा लगता है कि वे इस पूरे तामझाम से दूर ही रहना चाहते हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

आने वाले 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती पर उनकी 182 मीटर ऊंची प्रतिमा का गुजरात में उद्घाटन एक भव्य समारोह में प्रधानमंत्री मोदी करने वाले हैं। लेकिन इसे लेकर मौजूद तमाम उत्साह के बीच यह खबर आ रही है कि सरदार पटेल के एकमात्र जीवित पोते गौतम पटेल इस समारोह में शायद शामिल नहीं होंगे।

टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, पिछले दो सप्ताह से मुख्यमंत्री कार्यालय लगातार उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहा है ताकि वे उद्घाटन समारोह में शामिल हों। लेकिन अब इस कार्यक्रम में एक सप्ताह से भी कम का वक्त बचा है और ऐसा लगता है कि गौतम पटेल इस पूरे तामझाम से दूर ही रहना चाहते हैं।

गौतम पटेल और उनकी पत्नी मंदिनी अपना थोड़ा वक्त वडोदरा और थोड़ा अमेरिका में गुजारते हैं। उनके बेटे केदार पटेल अमेरिका में ही बसे हुए हैं। सरदार पटेल और उनकी पत्नी झावेरबा की दो संतानें थीं – पुत्र दहियाभाई और पुत्री मणिबेन। मणिबेन ने आजीवन शादी नहीं की और 1993 में उनकी मृत्यु हो गई। दहियाभाई के दो बेटे थे – बिपिन और गौतम। बिपिन की कोई संतान नहीं थी और 2004 में उनकी मृत्यु हो गई। तो इस तरह सरदार पटेल से सीधे रिश्ते में सिर्फ गौतम ही बचते हैं और उनकी इतनी चर्चित प्रतिमा के अनावरण में शामिल नहीं होंगे।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia