दिल्‍ली मरकज से हरियाणा आए 107 विदेशियों के पासपोर्ट जब्‍त, 1277 की पहचान, 725 क्‍वारंटाइन किया

हरियाणा में गुरुवार को कोरोना के छह नए मामले सामने आए हैं, जिनमें पांच जमात से जुड़े हैं। पलवल में धर्मप्रचार कर रहे तीन बांग्‍लादेशी और अंबाला में मस्जिद से क्‍वारंटाइन किए गए दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

फोटो : सोशल मीडिया
फोटो : सोशल मीडिया
user

धीरेंद्र अवस्थी

पहले से संसाधनों से जूझ रही हरियाणा सरकार के सामने अब नया संकट दिल्ली मरकज से आए लोगों के कारण बढ़ गया है। हरियाणा में अब तक 1277 ऐसे लोगों की पहचान कर ली गई है, जिनमें विदेशों से आए 100 से ज्यादा लोग भी शामिल हैं। सरकार ने 107 विदेशियों के पासपोर्ट जब्त कर लिए हैं और 725 लोगों को क्वारंटाइन में रखा गया है।

हरियाणा में गुरुवार को कोरोना के छह नए मामले सामने आए हैं, जिनमें पांच जमात से जुड़े हैं। पलवल में धर्मप्रचार कर रहे तीन बांग्‍लादेशी और अंबाला में मस्जिद से क्‍वारंटाइन किए गए दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें एक नेपाल और एक महाराष्‍ट्र का रहने वाला है। जींद में मरकज से चार लोग लौटे थे, जिनमें एक डॉक्‍टर भी बताया जा रहा है। वह वापस आने के बाद मरीजों का इलाज भी करता रहा।

यमुनानगर में 36 लोग मरकज से लौटे बताए जा रहे हैं, जिन्‍होंने पुलिस और प्रशासन का चैन छीन लिया है। फरीदाबाद में मरकज से 80 लोग लौटे थे। राज्‍य में गुरुवार को आया छठवां केस रोहतक की महिला का है। वहीं हरियाणा में कोरोना से अंबाला के एक बुजुर्ग की पहली मौत हुई है, जिनका इलाज चंडीगढ़़ पीजीआई में चल रहा था।

इस बीच हरियाणा में टेली-मेडिसिन सेवा शुरू की जा रही है ताकि लोगों को घर से बाहर जाए बिना ही दवा मिल सके। गुरुवार को मुख्यमंत्री जगदीश खट्टर ने बताया कि राज्य में लगभग 13,500 लोगों को निगरानी में रखा गया है। पॉजिटिव कोरोना वायरस के मरीजों के संपर्क में आए 817 लोगों के सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 546 सैंपल नेगेटिव पाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और स्वास्थ्य सेवाओं में लगे सभी कर्मचारियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने पर जोर देते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia