हरियाणाः भूपेंद्र हुड्डा ने यमुनानगर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, विशेष पैकेज की मांग की
भूपेंद्र हुड्डा ने यमुनानगर के बंभौली, बिबीपुर, ओदरी, लापरा और कमालपुर सहित विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का ट्रैक्टर चलाकर दौरा किया और प्रभावित लोगों से सीधा संवाद किया। लोगों ने उन्हें बताया कि खेतों में खड़ी सभी फसलें बाढ़ से पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने गुरुवार को यमुनानगर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। हुड्डा ने सरकार से प्रभावितोंं के लिए विशेष पैकेज की मांग की है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने यमुनानगर के बंभौली, बिबीपुर, ओदरी, लापरा और कमालपुर सहित विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का ट्रैक्टर चलाकर दौरा किया और प्रभावित लोगों से सीधा संवाद किया। लोगों ने उन्हें बताया कि खेतों में खड़ी सभी फसलें बाढ़ से पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। क्षेत्रवासियों ने हुड्डा से कहा कि गन्ने की खड़ी फसल उखड़ गई है और धान सहित सभी फसलें पानी में डूब गई हैं।लोगों ने बताया कि खेतों में इतनी रेत भर गई है कि भले ही पानी सूख जाए, अगली फसल काटना असंभव होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में बाढ़ के कारण किसानों की 17 लाख एकड़ में खड़ी फसल नष्ट हो गई है और लगभग 5,000 गांव, 11 शहर, 72 कस्बे और सैकड़ों वार्ड प्रभावित हुए हैं। हुड्डा ने कहा, ‘‘स्थिति 1995 की प्राकृतिक आपदा से भी बदतर है। इसलिए बीजेपी सरकार को हरियाणा को बाढ़ प्रभावित राज्य घोषित करना चाहिए और केंद्र सरकार को तुरंत विशेष पैकेज का ऐलान करना चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि बाढ़ ने किसानों की फसलों, मकानों और रोजगार को भारी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान को देखते हुए प्रति एकड़ 60 से 70 हजार रुपए का मुआवजा दिया जाना चाहिए। मैं केंद्र सरकार से बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए विशेष पैकेज की मांग करता हूं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री को भी पंजाब की तरह हरियाणा में हुए नुकसान का जायजा लेना चाहिए। केंद्रीय नेताओं का हरियाणा न आना राज्य सरकार की बड़ी नाकामी को दर्शाता है।’’
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आरोप लगाया कि पूरे इलाके में इतनी रेत जमने की वजह अवैध खनन है। खनन माफियाओं ने इतना अवैध खनन किया है कि यमुना नदी का प्रवाह बदल गया है। किसानों ने हुड्डा से कहा कि इसी कारण हर बार इस इलाके के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ जाते हैं। हुड्डा ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के साथ खड़ी है और संकट के समय लोगों को अकेला नहीं छोड़ेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने यह भी बताया कि 15 सितंबर से धान की खरीद शुरू हो रही है। सरकार मार्केट दाम को कम करे ताकि किसानों को राहत मिल सके। इसके अलावा, उन्होंने छोटी औद्योगिक इकाइयों के पलायन और बंद होने की समस्या पर भी चिंता जताई। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि छोटे उद्योग हरियाणा की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन मौजूदा नीतियों के कारण ये या तो बंद हो रहे हैं या अन्य राज्यों में जा रहे हैं। कांग्रेस इस मुद्दे पर भी प्रभावित लोगों की आवाज उठाएगी और उनकी लड़ाई लड़ेगी।
उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में देरी हो रही है, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ रही हैं। मैं प्रशासन से अपील करता हूं कि प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत सामग्री और आर्थिक सहायता प्रदान की जाए ताकि वे अपने जीवन को फिर से पटरी पर ला सकें। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करेंगे। ग्रामीणों ने भी भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सामने अपनी समस्याएं रखीं और सरकारी सहायता की कमी की शिकायत की।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia