हरियाणा कांग्रेस ने खट्टर सरकार को उखाड़ फेंकने का बजाया बिगुल! कहा- अब BJP सरकार के जाने का आ गया है समय

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर टिप्पणी करते हुए इसे पूरी तरह से विफल करार दिया। उन्होंने कहा कि आज किसान, मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी, गरीब, मध्यम वर्ग समेत हर कोई सरकार की नीतियों से परेशान है। जनता प्रदेश की सत्ता में बदलाव चाहती है।

फोटो: धीरेंद्र अवस्थी
फोटो: धीरेंद्र अवस्थी
user

धीरेंद्र अवस्थी

हरियाणा कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान और चार कार्यकारी अध्‍यक्षों की ताजपोशी समारोह में राज्‍य की खट्टर सरकार को उखाड़ फेंकने का बिगुल बजा दिया गया। बेरोजगारी और महंगाई समेत तमाम मुद्दों का हवाला देते हुए नई टीम ने ऐलान किया कि अब तो इंतहा हो गई है। जनता परेशान है और बेरोजगार एक अदद नौकरी के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहा है। लिहाजा, अब इस सरकार के जाने का वक्‍त आ गया है।

कांग्रेस के सभी विधायकों की मौजूदगी के बीच पूर्व मुख्‍यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस एकजुटता के साथ खट्टर सरकार के खिलाफ जनता के मुद्दों पर हर तरह से संघर्ष करेगी। प्रदेश की वर्तमान सरकार ने प्रदेश को महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्‍टाचार समेत सभी मुद्दों पर नंबर वन बना दिया है। चंडीगढ़ स्थित पार्टी दफ्तर पहुंचने पर प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, चौधरी उदयभान, दीपेंद्र हुड्डा, कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज, रामकिशन गुर्जर और सुरेश बंसल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता सरकार के खिलाफ आक्रामक थे। कोरोना पॉजिटिव होने की वजह से कार्यकारी अध्‍यक्ष बनाई गई पूर्व मुख्‍यमंत्री बंसीलाल की पोती श्रुति चौधरी इस मौके पर मौजूद नहीं थीं। मीडिया से रूबरू विवेक बंसल ने उम्मीद जताई कि नई टीम जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगी और उनके मुद्दों के लिए संघर्ष करेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि अपने पूरे राजनीतिक कैरियर के दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं में इतना उत्साह कभी नहीं देखा, जितना आज देखने को मिला। दिल्ली से चंडीगढ़ तक कम से कम 40 जगहों पर हजारों की तादाद में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। हर जगह वहीं उत्साह, उमंग और जोश देखने को मिल रहा था।


हुड्डा ने प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर टिप्पणी करते हुए इसे पूरी तरह से विफल करार दिया। उन्होंने कहा कि आज किसान, मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी, गरीब, मध्यम वर्ग समेत हर कोई सरकार की नीतियों से परेशान है। जनता प्रदेश की सत्ता में बदलाव चाहती है। हर वर्ग आज विकल्प के तौर पर कांग्रेस को देख रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, निवेश और विकास में पहले पायदान पर था। उन्होंने हरियाणा को शिक्षा और खेलों का हब बनाया था। लेकिन मौजूदा सरकार ने हरियाणा को महंगाई, बेरोजगारी, अपराध और भ्रष्टाचार में पहले पायदान पर पहुंचा दिया। सरकारी विभागों में लाखों पद खाली पड़े हुए हैं लेकिन सरकार नौकरी देने की बजाय लोगों को नौकरी से हटाने का काम कर रही है। स्थिति यह है की स्कूलों में टीचर, अस्पतालों में डॉक्टर और सरकारी दफ्तरों में कर्मचारी नहीं हैं। हुड्डा ने बताया कि कांग्रेस कार्यकाल के दौरान उनकी सरकार ने हरियाणा को बिजली सरप्लस स्टेट बना दिया था। बावजूद इसके आज प्रदेश बिजली संकट से गुजर रहा है।

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ और उत्साह की वजह से दिल्ली से चंडीगढ़ तक 4 घंटे का सफर 11 घंटे में पूरा हो सका। आज पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार देखने को मिला। उसे देख कर भरोसे के साथ कहा जा सकता है कि हरियाणा की सत्ता में बदलाव और कांग्रेस की तीन चौथाई बहुमत के साथ सरकार बनना तय है। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी और फिर बारिश के बावजूद पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह सरकार की नीतियों के प्रति लोगों में रोष और कांग्रेस के उज्जवल भविष्य के प्रति उम्मीद दोनों को दर्शाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस आमजन की आवाज को सड़क से लेकर विधानसभा और संसद तक मजबूती के साथ उठाने का काम करेगी।

कार्यकर्ताओं का कहना था कि एक साथ इतनी बड़ी तादाद में स्वागत में सड़कों पर उतरे लोगों का जोश हरियाणा में सत्ता परिवर्तन की गारंटी दे रहा है।

नए प्रदेश अध्‍यक्ष उदयभान की ताजपोशी को लेकर दिल्ली बॉर्डर से चंडीगढ़ तक जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रास्ते में पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा व नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान का लोगों ने गर्मजोशी के साथ स्‍वागत किया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी मौजूद रहे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia