राजस्थान चुनाव से पहले राम रहीम पर फिर मेहरबान हुई हरियाणा सरकार, 21 दिन की फरलो पर जेल से हुआ रिहा

हरियाणा सरकार ने एक बार फिर रेप और हत्या के दोषी राम रहीम की 21 दिन की फरलो पर रिहाई मंजूर की है, जिसके बाद वह एक बार फिर जेल से बाहर आ गया है। उसके बाहर आने को पांच दिन बाद होने वाले राजस्थान चुनाव और अगले साल होने वाले हरियाणा चुनाव से जोड़ा जा रहा है।

राजस्थान चुनाव से पहले राम रहीम पर फिर मेहरबान हुई हरियाणा सरकार, 21 दिन की फरलो पर आया बाहर
राजस्थान चुनाव से पहले राम रहीम पर फिर मेहरबान हुई हरियाणा सरकार, 21 दिन की फरलो पर आया बाहर
user

नवजीवन डेस्क

राजस्थान में 5 दिन बाद होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर हरियाणा की बीजेपी सरकार रोहतक के सुनारिया जेल में बंद गुरमीत राम रहीम पर मेहरबान हो गई है। हरियाणा सरकार ने एक बार फिर राम रहीम की 21 दिन की फरलो पर रिहाई को मंजूरी दे दी, जिसके बाद वह जेल से बाहर आ गया है। उसके बाहर आने को पांच दिन बाद होने वाले राजस्थान चुनाव और अगले साल होने वाले हरियाणा चुनाव से जोड़ा जा रहा है।

दरअसल, ये कोई पहली बार नहीं है जब किसी चुनाव से पहले राम रहीम को पैरोल दी गई है। इससे पहले हरियाणा पंचायत चुनाव और आदमपुर उपचुनाव के पहले भी राम रहीम को पैरोल पर छोड़ा गया था। इससे पहले जुलाई में भी हरियाणा सरकार ने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख 30 दिनों की पैरोल दी थी। हालांकि, जब भी इस पर सवाल उठाए जाते हैं तो हरियाणा सरकार और उसके अधिकारी पल्ला झाड़ लेते हैं।


इस बार फरलो के दौरान राम रहीम यूपी के बागपत के बरनावा आश्रम में रहेगा। राम रहीम की फरलो के लिए इस बार बीमार मां, गोद ली हुई बेटियों की शादी और खेतों की देखभाल करने जैसी दलीलें दी गई हैं। इसके अलावा पूर्व डेरा प्रमुख शाह सतनाम की जयंती और राम रहीम के जन्मदिन को भी फरलो लेने की दलीलों में शामिल किया गया है।

इससे पहले जेल से बाहर आने के बाद राम रहीम कई बार समर्थकों और अनुयायियों के साथ सत्संग करता नजर आ चुका है, जिसमें कई बार राजनीतिक पार्टियों के दिग्गज भी नजर आ चुके हैं। वहीं राम रहीम राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के गुरुसर मोडिया का ही रहने वाला है. हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में उसके कई आश्रम हैं। ऐसा माना जा रहा है कि अपने समर्थकों के जरिये वो राजस्थान के चुनावी समीकरण पर असर डाल सकता है।


पत्रकार रामचंद्र छत्रपति और डेरा सच्चा सौदा के मैनेजर रणजीत सिंह की हत्या और महिलाओं से बलात्कार जैसे गंभीर मामलों का दोषी गुरमीत राम रहीम रोहतक के सुनारिया जेल में उम्र कैद की सजा काट रहा है। पिछले 30 महीने में ये 5वीं बार है, जब राम रहीम को पैरोल या फरलो दी गई है। इससे पहले 24 अक्टूबर 2020 के राम रहीम 24 घंटे की पैरोल पर जेल से बाहर आया था। फिर 21 मई 2021 को राम रहीम बीमार मां से मिलने के लिए 48 घंटे की पैरोल पर बाहर आया था। फिर 7 फरवरी 2022 को राम रहीम को 21 दिनों की पैरोल दी गई थी, इस दौरान वो गुरुग्राम आश्रम में रहा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia