'क्या MSP पर कानूनी गारंटी मिल गई?' BJP-SAD गठबंधन पर सचिन पायलट ने दागे तीखे सवाल, कहा- मजबूरी का गठबंधन
सचिन पायलट ने सवाल किया कि लगभग छह साल पहले तीन कृषि कानूनों को लेकर शिरोमणि अकाली दल ने बीजेपी से नाता तोड़ा था, उसके बाद से अब क्या बदल गया है?

सचिन पायलट का तंज, BJP-अकाली दल का साथ 'मजबूरी का गठबंधन' है
BJP-SAD गठबंधन पर पायलट का हमला, कहा- यह 'राजनीतिक अवसरवाद' है
सचिन पायलट का सवाल: क्या MSP पर मिल गई कानूनी गारंटी?
कृषि कानूनों पर अलग हुए थे, अब साथ क्यों: सचिन पायलट
पंजाब की जनता BJP-अकाली दल गठबंधन को नकार देगी: सचिन पायलट
कांग्रेस के महासचिव सचिन पायलट ने पंजाब में भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन को ‘‘मजबूरी का गठबंधन’’ बताते हुए इसे राजनीतिक अवसरवाद का उदाहरण करार दिया। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता आगामी विधानसभा चुनावों में इसे नकार देगी।
सचिन पायलट ने सवाल किया कि लगभग छह साल पहले तीन कृषि कानूनों को लेकर शिरोमणि अकाली दल ने बीजेपी से नाता तोड़ा था, उसके बाद से अब क्या बदल गया है?
उन्होंने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘शिअद तीन कृषि कानूनों के मुद्दे पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से अलग हुआ था। किसानों ने महीनों तक विरोध प्रदर्शन किया और कई लोगों की जान चली गई। क्या अब भाजपा ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कोई कानूनी गारंटी दे दी है? क्या पंजाब को कोई विशेष आर्थिक पैकेज मिला है?’’
कांग्रेस के पंजाब प्रभारी पायलट ने कहा कि इससे पहले इन दोनों राजनीतिक दलों ने एक-दूसरे पर भ्रष्टाचार और मादक पदार्थों से जुड़े गंभीर आरोप लगाए थे।
सचिन पायलट ने कहा, ‘‘क्या वो सारे कारण खत्म हो गए हैं कि आज इन्हें दोबारा गठबंधन करना पड़ा। यह गठबंधन एक मजबूरी का परिचय है। कमजोरी दिख रही थी। पंजाब में उनकी कोई राजनीतिक जमीन नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह गठबंधन मुझे लगता है अवसरवादिता का एक सबसे बड़ा उदाहरण है कि सत्ता हासिल करने की कोशिश में आप सिद्धांत व नैतिकता की राजनीति और जो आपने कहा था उस सबको एक तरफ करके लोगों को भ्रमित करने के लिए एक साथ आए हैं। पंजाब के लोग इस गठबंधन को सिरे से नकारेंगे।’’
सचिन पायलट ने दावा किया कि पंजाब के आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच होगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार का राजनीतिक समर्थन घट रहा है और यह सरकार जल्द ही गिर सकती है।
सचिन पायल ने ‘आप’ सरकार पर आरोप लगाया कि वह इस सीमावर्ती राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी, गैंगवार और जबरन वसूली की घटनाओं को रोकने में विफल रही है।
सचिन पायल ने बताया कि मंगलवार को कांग्रेस की पंजाब चुनाव समिति की बैठक हुई, जिसमें टिकट बंटवारे और साफ छवि वाले उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि पार्टी योग्य उम्मीदवारों को मौका देगी, जिनमें नए चेहरे भी शामिल होंगे।
वहीं, 2028 के राजस्थान विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के चेहरे के बारे में पूछे जाने पर पायलट ने कहा कि इस मुद्दे पर अभी बात करना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह के सवाल का अभी कोई औचित्य नहीं है। अभी चुनाव लगभग दो साल दूर है।’’
सचिन पायलट ने भरोसा जताया कि राजस्थान में अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व जो भी जिम्मेदारी देगा कांग्रेस के नेता उसे स्वीकार करेंगे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
