महाराष्ट्र में भारी बारिश से तबाही: सड़क, ट्रेन, प्लेन सब पर असर, 'वर्क फ्रॉम होम' की सलाह, घरों में रहने की अपील

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से खराब मौसम की चेतावनी जारी किए जाने के बाद, महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार को सरकारी दफ्तरों को जल्दी बंद करने का आदेश दिया और प्राइवेट कंपनियों से 'वर्क-फ्रॉम-होम' (घर से काम करने) की व्यवस्था लागू करने को कहा।

फोटो: PTI
i

महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और भूस्खलन, जलभराव और परिवहन में रुकावट जैसी समस्याएं पैदा हो गई हैं। इसे देखते हुए नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एनडीआरएफ) ने राज्य के कई हिस्सों में बचाव और राहत कार्य तेज कर दिए हैं।

भारी बारिश के कारण वेस्टर्न नेवल कमांड हाई अलर्ट पर

इस बीच भारतीय नौसेना ने कहा है कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण वेस्टर्न नेवल कमांड को हाई अलर्ट पर रखा गया है और राज्य प्रशासन द्वारा अनुरोध किए जाने पर मदद के लिए पूरी तरह तैयार है।निकाला। महाराष्ट्र के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने सोमवार को मौसम की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए नागरिकों से मॉनसून टूरिज्‍म और गैर-जरूरी काम से बाहर जाने से बचने की अपील की। ​​उन्होंने चेतावनी दी कि आधिकारिक सलाह को नजरअंदाज करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।


भारी बारिश के बीच सरकार ने निजी सेक्टर को 'वर्क फ्रॉम होम' की दी सलाह

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से खराब मौसम की चेतावनी जारी किए जाने के बाद, महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार को सरकारी दफ्तरों को जल्दी बंद करने का आदेश दिया और प्राइवेट कंपनियों से 'वर्क-फ्रॉम-होम' (घर से काम करने) की व्यवस्था लागू करने को कहा।

सामान्य प्रशासन विभाग के एक सर्कुलर के अनुसार, आईएमडी ने मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। यहां 80-90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की आशंका है।

सीएम फडणवीस ने लोगों से घरों में रहने की अपील

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तूफानी हवाओं और भारी बारिश की गंभीर स्थिति की समीक्षा की। सर्कुलर में कहा गया, "मंत्रालय और बृहन्मुंबई में राज्य सरकार के अन्य दफ्तरों में काम करने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आधे दिन के काम के बाद अपने दफ्तर से निकलने की इजाजत दी गई है ताकि वे सुरक्षित घर पहुंच सकें। इमरजेंसी और जरूरी सेवाएं देने वाले विभागों के प्रमुखों के पास जरूरत के हिसाब से स्टाफ की तैनाती तय करने का अधिकार होगा।"

सरकार ने इस इलाके में काम करने वाली सभी प्राइवेट कंपनियों से अपील की है कि वे अपने कर्मचारियों को आज के लिए रिमोट वर्क (घर से काम करने) की सुविधा दें।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर, मुंबई में चार दिनों में ही महीने भर की बारिश हुई।

कंस्ट्रक्शन साइट्स पर कामों पर लगी रोक

बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (बीएमसी) ने कंस्ट्रक्शन साइट्स के लिए सुरक्षा से जुड़े कड़े नियम जारी किए हैं। 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं से होने वाले खतरे को देखते हुए, नगर निकाय ने चेतावनी दी है कि कंस्ट्रक्शन साइट्स पर कमज़ोर ढांचों की वजह से गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं। साथ ही, सभी बिल्डरों, आर्किटेक्ट्स, लाइसेंस प्राप्त सर्वेक्षकों, कॉन्ट्रैक्टरों और प्रोजेक्ट मैनेजरों को इन नियमों को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया गया है। उनसे कहा गया है कि वे अस्थायी मचान, खुले पड़े निर्माण सामग्री, क्रेन के उपकरणों और फॉर्मवर्क की बारीकी से जांच करें।


मुंबई में चॉल ढहने से छह लोगों की मौत के मामले में दो लोग गिरफ्तार

मुंबई के मानखुर्द इलाके में एक दिन पहले चॉल ढहने से हुई छह लोगों की मौत के मामले में दो लोगों को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। भारी बारिश के बाद रविवार रात शहर के पूर्वी हिस्से के मंडला इलाके के जनता नगर में तीन मंजिला चॉल ढह गई थी।

भारी बारिश की वजह से मुंबई आ रही पांच उड़ानों का मार्ग बदला गया

भारी बारिश और खराब मौसम की वजह से सोमवार को अपराह्न साढ़े तीन बजे तक मुंबई आ रही पांच उड़ानों के मार्ग में बदलाव कर संबंधित विमानों को दूसरे स्थानों पर उतारा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने एक बयान में बताया कि रायपुर से आ रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 595 और सिंगापुर से आ रही उड़ान 6ई 1340 का मार्ग बदलकर इन विमानों को हैदराबाद हवाई अड्डे पर उतारा गया जबकि दिल्ली से आ रही आकासा एयर की उड़ान क्यूपी1110 (दिल्ली - मुंबई) को अहमदाबाद मोड़ा गया।

निजी विमानन कंपनियों ने एक बयान में बताया कि कोलकाता से आ रही एअर इंडिया की उड़ान एआई 2772 और मस्कट से आ रही ओमान एयर की उड़ान डब्ल्यूवाई203 (मस्कट-मुंबई) को क्रमशः बेंगलुरु और वडोदरा हवाई अड्डों पर उतारा गया।


भारी बारिश से पश्चिम रेलवे का परिचालन ठप, लंबी दूरी की 20 से अधिक ट्रेनें फंसीं

मुंबई और दक्षिण गुजरात में भारी बारिश के बाद पटरियों के जलमग्न होने से सोमवार को पश्चिम रेलवे का परिचालन पूरी तरह चरमरा गया। इसके कारण लंबी दूरी की 20 से अधिक ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा।

ट्रेन सेवाओं के निरस्त होने, उनके मार्ग में परिवर्तन तथा विलंब के कारण 40 से अधिक ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इसके मद्देनजर रेल प्रशासन ने फंसे हुए यात्रियों की सहायता के लिए राहत कार्य तेज करने के साथ ही मुंबई-अहमदाबाद मुख्य रेलमार्ग पर यातायात बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा

महाराष्ट्र में विपक्षी विधायकों ने सोमवार को मुंबई में विधान भवन की सीढ़ियों पर प्रदर्शन किया और ‘‘इन्फ्रामैन’’ के लापता होने के नारे लगाते हुए राज्य सरकार पर भारी बारिश के बीच लोगों की सुरक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में हुई भारी बारिश ने मुंबई और राज्य के अन्य हिस्सों में ‘‘जर्जर बुनियादी ढांचे’’ की पोल खोल दी है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सतेज पाटिल और विजय वडेट्टीवार, शिवसेना (उबाठा) के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अंबादास दानवे सहित विपक्ष के अन्य सदस्यों ने इस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भारी बारिश के दौरान बुनियादी ढांचे के खराब प्रबंधन के कारण आम लोगों का जीवन प्रभावित हुआ है।


मानसून सत्र: मुंबई में भारी बारिश के कारण महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही स्थगित

मुंबई और आस-पास के इलाकों में भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए सोमवार को महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने सदन की कार्यवाही स्थगित करते हुए लोगों से अपील की कि वे इस स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन का सहयोग करें।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए