दिल्ली में गर्मी ने तोड़े कई रिकॉर्ड, बारिश के मौसम में लू से झुलस रहे लोग, जल्द राहत मिलने की संभावना नहीं

मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि जल्द इस गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। विभाग ने गुरुवार को कहा कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और यूपी जैसे उत्तर भारत वाले राज्यों में अगले दो दिनों तक लू जारी रहने की संभावना है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। गुरुवार को दिल्ली में गर्मी ने 90 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री दर्ज किया गया, जिसने 90 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग के अनुसार इससे पहले साल 1931 में एक जुलाई को दिल्ली का पारा 45 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था।

ऐसे में मॉनसून तो दूर की बात है, दिल्ली में बारिश के मौसम में गर्मी ने लोगों का बुरा हाल कर रखा है। हालत ये है कि बारिश की राहत भरी फुहारों के बजाय दिल्ली के लोग लू से झुलस रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इस भीषण गर्मी का असर आम लोगों की सेहत पर भी दिख रहा है। इतनी भीषण गर्मी के कारण हीटस्ट्रोक, डायरिया और टाइफायड जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

दिल्ली में पिछले दो दिनों से पारा 43 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। इसके अलावा पिछले कई दिनों से दिल्ली और एनसीआर के साथ यूपी समेत उत्तर भारत के कई राज्य प्रचंड गर्मी का कहर झेल रहे हैं। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि जल्द इस गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। विभाग ने गुरुवार को कहा कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और यूपी जैसे उत्तर भारत वाले राज्यों में अगले दो दिनों तक लू जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया कि निचले स्तरों पर पाकिस्तान से उत्तर-पश्चिम भारत की ओर हीट वेव्स के आने की वजह से पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भीषण गर्मी हो रही है। विभाग ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है।

मॉनसून की स्थिति पर विभाग ने कहा कि इन क्षेत्रों में मॉनसून के एडवांस होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना नहीं है। अब तक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने हरियाणा, दिल्ली, पंजाब के कुछ हिस्सों, पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश जैसे इलाकों को छोड़कर पूरे देश को कवर कर लिया है। मौसम विभाग के अनुसार, एक सप्ताह तक मौसम के गर्म रहने के आसार है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia