देश के 14 राज्यों में लू का अलर्ट, यूपी, बिहार और झारखंड समेत कई राज्यों में जारी रहेगी झुलसाने वाली गर्मी की मार

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, दिल्ली हरियाणा, चंडीगढ़, और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात को भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है इन राज्यों में रात का मौसम गर्म रहने का अनुमान है।

भीषण गर्मी और लू की मार जारी।
भीषण गर्मी और लू की मार जारी।
user

नवजीवन डेस्क

देश के ज्यादातर हिस्सों में भीषण गर्मी और लू से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल गर्मी और लू से राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के मुताबिक, देश के 14 राज्यों में भीषण गर्मी और लू की मार जारी रहेगी। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और राजस्थान समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में फिलहाल गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। कई राज्यों में आज तापमान 40 डिग्री से ज्यादा रहने का अनुमान है।

आईएमडी द्वारा जारी अलर्ट के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, बिहार और झारखंड में गर्मी और लू से मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इन राज्यों में भीषण से बहुत भीषण हीटवेव चलने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, दिल्ली हरियाणा, चंडीगढ़, और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में  रात को भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है इन राज्यों में रात का मौसम गर्म रहने का अनुमान है।

मैदानी इलाकों के साथ ही पहाड़ी इलाकों में भी लू चलने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे राज्यों में भी हीटवेव चलेगी। ओडिशा, जम्मू, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी लू का अलर्ट जारी किया गया है।


भीषण गर्मी से कब मिलेगी राहत?

उत्तर भारत में लोग मॉनसून का इंतजार कर रहे हैं। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में मॉनसून अभी और लंबा खिंचेगा। 20 से लेकर 25 जून के बीच उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मॉनसून की दस्तक होगी। 25 से 30 जून के बीच दिल्ली में मॉनसून दस्तक दे सकता है। 30 जून से लेकर 8 जुलाई तक पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में मॉनसून दस्तक दे सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, मेघालय में बहुत ज्यादा भारी बारिश होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल के हिमालयी हिस्से, सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम जैसे पूर्वोत्तर के राज्यों में भी भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, मराठवाड़ा और तेलंगाना में भारी बारिश के आसार हैं। पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में तूफान, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, कर्नाटक के कुछ हिस्सों बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किमी प्रतिघंटा से हवाएं चलने की संभावना है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia