उत्तर भारत में आसमान से बरस रही आग, गर्मी से दिल्ली-एनसीआर में हाल बेहाल, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में जहां लोग सूरज की तपिश से परेशान हैं तो वहीं लू ने भी लोगों का जीना मुहाल कर रखा है।

फोटो: सोशल मीडिया 
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

पूरे उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में गर्मी का कहर जारी है। देश के कुछ हिस्सों में पारा 48 डिग्री के करीब पहुंचने लगा है। महाराष्ट्र के चंद्रपुर में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। यहां का तापमान 47.8 डिग्री रहा। पूर्वी महाराष्ट्र के नागपुर में इस साल का दूसरा सबसे उच्चतर तापमान रिकॉर्ड किया गया। नागपुर का तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दस सालों में सबसे अधिक रिकॉर्ड किया गया।

उत्तर भारत में आसमान से बरस रही आग, गर्मी से  दिल्ली-एनसीआर में हाल बेहाल, ऑरेंज और येलो अलर्ट  जारी

उत्तर भारत सहित देश के जिन इलाकों में गर्मी का कहर जारी है, उनमें राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, विदर्भ, रायलसीमा, ओडीशा, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब प्रमुख रूप से शामिल हैं।


दिल्ली-एनसीआर में आसमान से बरस रही आग

भीषण गर्मी का आलम यह है कि अब तक जहां सिर्फ मैदानी इलाकों में गर्मी की तपिश थी। वहीं, अब पहाड़ी इलाकों में भी तापमान बढ़ने लगा है। दिल्ली में मंगलवार को जहां 43 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में लोगों को राहत मिलने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने गर्मी को देखते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप

राजस्थान में भी भारी गर्मी पड़ रही है। बीकानेर में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा श्रीगंगानगर और जैसलमेर में अधिकतम तापमान 45.2, चुरू में 45.1 और कोटा में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में पश्चिमी राजस्थान में लू चलने का अनुमान लगाया है।


बिहार में उमस भरी गर्मी, अभी चढ़ा रहेगा पारा

बिहार में गर्मी और लू का कहर जारी है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि अगले दो-तीन दिनों से राज्यवासियों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इस दौरान कभी पुरवा हवा चलने से उमसभरी भीषण गर्मी झेलनी पड़ेगी जबकि कभी पुरवा हवा चलने से लू का असर दिखेगा।

मध्य प्रदेश में गर्मी का कहर, रातें भी हुई गर्म

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में जहां गर्म हवाओं के थपेड़े झुलाने वाले हैं, वहीं रातें भी गर्म हो चली हैं। राज्य में बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस खजुराहो में दर्ज किया गया। राज्य में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है।


आंध्र में 14 और तेलंगाना में 40 लोगों की मौत

आंध्र प्रदेश में गर्मी और लू से अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है तो वहीं तेलंगाना में गर्मी और लू के कहर से अब तक 40 लोगों के जान गवांने की खबर है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक तेलंगाना के रामागुंडम में मंगलवार को 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जो इस मौसम का सर्वाधिक तापमान है.

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 29 May 2019, 4:38 PM