यूपी में भीषण गर्मी-लू का कहर, 3 दिन में दर्जनों लोगों की मौत, तपिश से कब मिलेगी राहत? जानें IMD ने क्या कहा

राजधानी लखनऊ से पूर्वांचल तक के हिस्सों में लू का कहर जारी है। तपिश से परेशान प्रदेश की जनता आसमान की ओर टकटकी लगाए बारिश का इंतजार कर रही है।

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी-लू का कहर।
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी-लू का कहर।
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रह है। लू के थपेड़ों ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। आलम यह है कि प्रदेश में गर्मी अब जानलेवा साबित हो रही है। अयोध्या में लू की वजह से यातायात उप निरीक्षक विनोद सोनकर की मौत हो गई है। जिला अस्पताल के CMS सी.बी.एन. त्रिपाठी ने बताया कि यातायात उप निरीक्षक ड्यूटी के दौरान अचानक बेहोश हो गए। उनका जरूरी इलाज किया गया, लेकिन 3 घंटे के बाद उनकी मौत हो गई। उनकी मौत का कारण हीट स्ट्रोक है। राज्य के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के साथ लू जानलेवा साबित हो रहा है। अकेले बलिया में पिछले 3 दिनों में 54 लोगों की मौत हो चुकी है।

राजधानी लखनऊ से पूर्वांचल तक के हिस्सों में लू का कहर जारी है। तपिश से परेशान प्रदेश की जनता आसमान की ओर टकटकी लगाए बारिश का इंतजार कर रही है। इस बीच, मौसम विभाग ने सुकून देने वाली जानकारी दी है। आंचलिक मौसम विभाग के मुताबिक, 19 और 20 जून से गर्मी में थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।

लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री रहने का अनुमान है। दिन में बादलों का आना-जाना लगा रहेगा। 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। बादलों की आवाजाही से सूरज की तेज धूप से भले थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन वो ज्यादा देर तक नहीं रहेगी। हालांकि, न्यूनतम तापमान में एक दिन पहले की तुलना में 2 डिग्री की गिरावट नजर आ रही है।

उत्तर प्रदेश में प्रयागराज शनिवार को भी सबसे गर्म रहा। प्रयागराज में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद दूसरे स्थान पर फुरसतगंज और गोरखपुर रहा। यहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा गोरखपुर में 43, झांसी में 42, लखनऊ में 41 और मेरठ में 37 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।


प्रयागराज में गर्मी और लू के थपेड़े अगले दो दिन और ऐसे ही जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, 19 जून से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान है। दो दिन बाद आसमान में बादल भी छाए रहेंगे और सूरज की लुकाछिपी चलेगी, जिससे गर्मी और लूट के थपेड़ों से थोड़ी राहत मिल सकती है। 21 जून को संगम नगरी और आसपास के जिलों में बारिश और तेज तूफान आने की संभावना है। यह साइक्लोन बिपरजॉय का असर बताया जा रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी में चक्रवात की वजह से बारिश होने की संभावना है। बारिश नहीं हुई तो लोगों को मानसून का इंतजार करना होगा। इसके लिए अभी लोगों को करीब हफ्ते भर का इंतजार करना पड़ सकता है। यूपी में मानसून वाली बारिश 24-25 जून तक होने का पूर्वानुमान है। यूपी में मानसून बंगाल की खाड़ी होकर आता है। ऐसे में पहले मानसून लखनऊ आएगा फिर प्रयागराज की तरफ बढ़ेगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia