दिल्ली में जोरदार बारिश, डूबा द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास, कई इलाकों में जलभराव

दिल्ली में मॉनसून की पहली तेज बारिश के बाद द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। बारिश के कारण यातायात प्रभावित हुआ और लंबा जाम लग गया।

फोटो: सोशल मीडिया
i

राजधानी दिल्ली में रविवार को मॉनसून की पहली जोरदार बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से राहत तो दिलाई, लेकिन शहर की जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी। महज आधे घंटे की मूसलाधार बारिश के बाद द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास समेत कई प्रमुख इलाकों में जलभराव हो गया। हालात ऐसे बने कि प्रशासन को सुरक्षा के मद्देनजर द्वारका एक्सप्रेसवे के अंडरपास को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद करना पड़ा। इसके चलते हजारों वाहन चालकों को लंबा जाम झेलना पड़ा और वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।

द्वारका एक्सप्रेसवे से ओखला तक जलभराव

बारिश का असर सिर्फ द्वारका एक्सप्रेसवे तक सीमित नहीं रहा। तुगलकाबाद, पुल प्रह्लादपुर, मिंटो ब्रिज, ओखला औद्योगिक क्षेत्र, बायो डायवर्सिटी पार्क और अन्य कई निचले इलाकों की सड़कें पानी में डूब गईं। कई स्थानों पर जलभराव इतना अधिक था कि दोपहिया वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए, जबकि कारों की रफ्तार भी काफी धीमी पड़ गई। रविवार होने के बावजूद कई प्रमुख मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लगा।

ओखला औद्योगिक क्षेत्र से सामने आई तस्वीरों में तेज बारिश के बीच सड़कें पूरी तरह पानी से लबालब नजर आईं। जलभराव के कारण फैक्ट्रियों में आने-जाने वाले कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगह पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। सार्वजनिक परिवहन की रफ्तार भी प्रभावित हुई और कई मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।


स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास में हर मॉनसून के दौरान यही स्थिति बनती है। उनका आरोप है कि हर साल भारी बारिश के बाद अंडरपास में कई फीट तक पानी भर जाता है, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो जाता है। लोगों के मुताबिक, प्रशासन हर वर्ष जल निकासी के दावे तो करता है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। नतीजतन, पहली ही तेज बारिश में राजधानी की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो जाती है।

पानी निकालने में जुटीं एजेंसियां

रविवार की बारिश के बाद ओखला औद्योगिक क्षेत्र, तुगलकाबाद और बायो डायवर्सिटी पार्क समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही। सड़कों पर पानी भरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जलभराव वाले क्षेत्रों में पंप लगाकर पानी निकालने का काम शुरू कर दिया गया है। नगर निगम और संबंधित एजेंसियों की टीमें लगातार जल निकासी में जुटी हुई हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए