हिमाचल में बारिश से भारी तबाही, 4 की मौत, 15 लापता, पंजाब को जोड़ने वाला रेलवे पुल ढहा

हिमाचल प्रदेश में लगतार हो रही बारिश से लोगों का बुरा हाल है। जोरदार बारिश के कारण पंजाब और हिमाचल को जोड़ने वाला रेलवे का चक्की पुल बह गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

हिमाचल प्रदेश में लगतार हो रही बारिश से लोगों का बुरा हाल है। जोरदार बारिश के कारण पंजाब और हिमाचल को जोड़ने वाला रेलवे का चक्की पुल बह गया है। उफनती चक्की नदी में एतिहासिक पुल ताश के पत्तों की तरह समा गया है। भारी बारिश के चलते जगह-जगह लैंडस्लाइड यानी भूस्खलन हो रहा है, जिससे सड़क यातायात प्रभावित है। वहीं बारिश और बाढ़ के कारण कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य लापता हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मंडी जिले में कई स्थानों पर आपदा की सूचना मिली, जिसमें 15 लोग लापता हो गए। अन्य आपदा प्रभावित जिले चंबा, कांगड़ा, हमीरपुर, शिमला और सिरमौर थे। मंडी में शेगली गांव में एक घटना की सूचना मिली, जिसमें एक घर बह गया। एक परिवार के छह सदस्य बह गए।


गोहर सबडिविजन के काशांग गांव में एक और अचानक बाढ़ आई, जिसमें नौ लोग भूस्खलन के मलबे में दब गए। मंडी के उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने मीडिया को बताया कि बचाव दल लापता लोगों का पता लगाने के लिए मौके पर है।

स्टेट इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम बुलेटिन के अनुसार, मंडी जिले के बल्ह, सदर, थुनाग, मंडी और लामाथाच में अचानक बाढ़ आने की सूचना है। चंबा जिले के बनेत गांव चौवारी तहसील में एक मकान के ढह जाने से भूस्खलन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई।


राज्य आपदा प्रबंधन निदेशक सुदेश कुमार मोख्ता ने मीडिया को बताया कि 22 लोगों में से 18 को हमीरपुर जिले से सुरक्षित निकाल लिया गया है।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने राज्यभर में भारी बारिश के कारण जानमाल के नुकसान और संपत्ति के नुकसान पर दुख व्यक्त करते हुए सभी जिला प्रशासनों को राहत और बचाव अभियान चलाने का आदेश दिया।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia