झारखंड में भारी बारिश का कहर, 5 लोगों की मौत, एक लापता, कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी
पिछले 24 घंटों से राज्य में लगातार बारिश हो रही है जिससे कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, घर ढह गए, सड़कें और खेत जलमग्न हो गए। स्वर्णरेखा और खरकई नदी समेत राज्य में विभिन्न नदियों का जलस्तर बढ़ने के बाद अलर्ट जारी किया गया है।

झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश ने कहर बरपाया है। बारिश से संबंधित घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई है। वहीं कई अन्य घायल हो गए है और एक व्यक्ति लापता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पलामू, गढ़वा और चतरा जिलों के लिए रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक अत्यधिक भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, जबकि लातेहार, रांची, खूंटी, लोहरदगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात सरायकेला-खरसावां जिले में एक मकान ढहने से एक महिला और उसके सात वर्षीय बेटे की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि राजनगर प्रखंड के दांडू गांव में हुई इस घटना में आठ लोग घायल भी हुए हैं। राजनगर के खंड विकास अधिकारी मलय दास ने कहा, ‘‘जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान महिला और उसके बेटे की मौत हो गई। वहीं, संतोष लोहार नामक व्यक्ति का कच्चा मकान गिरने से आठ अन्य लोग घायल हो गए।’’
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब संतोष के कुछ रिश्तेदार उसके घर आए हुए थे। पुलिस ने कहा कि जिले में एक अन्य घटना में, शनिवार सुबह एक घर की दीवार गिरने से पांच साल के बच्चे की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना खरसावां थाना क्षेत्र के कोल शिमला में सुबह चार बजे हुई।
खरसावां थाने के प्रभारी गौरव कुमार ने कहा, ‘‘मुन्ना बोदरा के घर की दीवार गिर गई जिससे उसके पांच साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बोदरा, उसकी पत्नी और दो साल की बेटी घायल हो गई। उन्हें सरायकेला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’ वहीं, एक अधिकारी ने बताया कि चतरा जिले के कटघरा गांव में शुक्रवार को एक दंपति उफनती सियारी नदी में बह गया। गिधौर के बीडीओ राहुल देव ने कहा, ‘‘पति का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि पत्नी अब भी लापता है।’’
अधिकारियों ने बताया कि जिले के पत्थलगडा प्रखंड के खैराटोला गांव में भी बारिश से संबंधित घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पिछले 24 घंटों से राज्य में लगातार बारिश हो रही है जिससे कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, घर ढह गए और सड़कें तथा खेत जलमग्न हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि रांची में पिस्का स्टेशन के पास एक निर्माणाधीन रेल ओवरब्रिज के दोनों ओर के कंक्रीट के स्लैब गिर गए जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर भीषण जाम लग गया। उन्होंने कहा कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
राजधानी के ब्राम्बे बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर जलभराव के कारण यातायात में भारी व्यवधान उत्पन्न हुआ, जबकि धुर्वा में जगन्नाथ मंदिर की ओर जाने वाली सड़क में बड़ी दरार आ गई। पंचशील नगर, हिंदिपिर, मोराबादी, कोकर, नामकुम, न्यू बांधगारी और सामलोंग जैसे निचले इलाकों में स्थित घर जलमग्न हो गए।
चतरा के पथगड़ा में भारी बारिश के बीच एक कुक्कुट पालन केन्द्र में सैकड़ों मुर्गियां मर गईं।जमशेदपुर में मानगो पुल पर स्वर्णरेखा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। आदित्यपुर ब्रिज पर खरकई नदी भी लाल निशान से ऊपर बह रही है। लोहरदगा में विभिन्न नदियों का जलस्तर बढ़ने के बाद अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के कारण ज़िले में कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी बाबूराज पीपी ने कहा, ‘‘निम्न दबाव प्रणाली के प्रभाव से राज्य भर में हल्की से मध्यम बारिश के साथ विभिन्न इलाकों में भारी बारिश हो रही है। अगले 24 घंटों के दौरान इसके झारखंड में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और उसके बाद धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है।’’
उन्होंने कहा कि राज्य में 29 अगस्त तक बारिश होने की संभावना है। लातेहार के चंद्रा में सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक 205 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, इसके बाद 146 मिलीमीटर के साथ सरायकेला का स्थान है, जबकि रांची में 120 मिलीमीटर और चाईबासा में 120 मिलीमीटर बारिश हुई।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia