केरल में भारी बारिश का कहर, 6 लोगों की मौत, 6 लापता, कई इलाके डूबे, जनजीवन ठप, सरकार ने SET परीक्षा स्थगित की

सबसे अधिक प्रभावित पथानामथिट्टा, इडुक्की और कोट्टायम जिले हैं। पथानामथिट्टा में 330 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई, जिससे पंबा नदी उफान पर आ गई और कई इलाके जलमग्न हो गए। कई सड़कें डूब गईं और बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।

केरल में भारी बारिश का कहर, 6 लोगों की मौत, 6 लापता, कई इलाके डूबे, जनजीवन ठप, सरकार ने SET परीक्षा स्थगित की
i

केरल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 6 लोग लापता हैं। भयावह हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने 2 अगस्त को आयोजित होने वाली स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट (एसईटी) परीक्षा को स्थगित कर दिया है।

भारी बारिश के कारण 6 लोगों की मौत, 6 लापता

मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि राज्य में भारी बारिश के बाद छह मौतों की पुष्टि हुई है और छह लोग लापता हैं। अलग-अलग फोर्स, पब्लिक रिप्रेजेंटेटिव और लोकल लोगों की मदद से सर्च ऑपरेशन चल रहा है। पूरे केरल में 65 रिलीफ कैंप खोले गए हैं, जिनमें 1,465 लोग पनाह लिए हुए हैं। सत्रह घर पूरी तरह से तबाह हो गए हैं और 127 घरों को थोड़ा नुकसान हुआ है। कुछ प्रभावित इलाकों में बारिश कम हो गई है, जबकि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। कोझिकोड के अनक्कमपोयिल में 35 घंटों में 340 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, और वायनाड के मेप्पाडी में 177 मिमी बारिश हुई।


स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट परीक्षा स्थगित

उच्च शिक्षा मंत्री के कार्यालय ने शनिवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि परीक्षा की नई तिथि बाद में अधिसूचित की जाएगी। सरकार ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से जुड़े ताजा अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें। फिलहाल संशोधित परीक्षा तिथि की घोषणा नहीं की गई है।

जनजीवन बुरी तरह प्रभावित, कई रास्ते बंद

राज्य में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई जिलों में बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं के चलते परिवहन व्यवस्था बाधित है, जबकि कई इलाकों का संपर्क भी टूट गया है। इसी स्थिति को देखते हुए अभ्यर्थियों की सुरक्षा और आवागमन में होने वाली कठिनाइयों के मद्देनजर परीक्षा स्थगित करने का फैसला लिया गया।


हजारों लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया

इस बीच, केरल में मूसलाधार बारिश ने व्यापक तबाही मचाई है। शनिवार तक राज्य में भूस्खलन और मकान ढहने की कई घटनाओं में लोगों की मौत हो चुकी है। हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। सबसे अधिक प्रभावित पथानामथिट्टा, इडुक्की और कोट्टायम जिले हैं। पथानामथिट्टा में 330 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई, जिससे पंबा नदी उफान पर आ गई और कई इलाके जलमग्न हो गए। कई सड़कें डूब गईं, बिजली आपूर्ति ठप हो गई और एनडीआरएफ, पुलिस तथा फायर एंड रेस्क्यू टीमों द्वारा बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पथानामथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड समेत कई जिलों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों को नदी किनारे और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। वहीं राज्य सरकार लगातार राहत और बचाव कार्य तेज कर लोगों तक राहत पहुंचाने की कोशिश कर रही है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए